
गिड़ा (बाड़मेर). ग्राम पंचायत खारापार में मंगलवार शाम दीपावली पर मां के साथ ननिहाल जा रहे एक मासूम को बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस के अनुसार सणतरा निवासी खूमी देवी अपने बेटे गौतम (4) के साथ पीहर जा रही थी।
इस दौरान खारापार बस स्टैंड पर उतरे ही थे तभी बजरी ले जा रहा ट्रक चालक किसी को पुलिस की वर्दी में देख हड़बड़ा गया। इससे ट्रक अनियंत्रित हो गया तथा सड़क किनारे खड़े मासूम को चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।
तभी पास ही खड़े ग्रामीणों ने उसका वाहन से पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया तथा ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया।
धड़ल्ले से हो रहा बजरी खनन, नहीं होती कार्रवाई
बजरी खनन पर न्यायालय की रोक के बावजूद क्षेत्र में धड़ल्ले से इसका खनन व परिवहन हो रहा है। क्षेत्र में आए दिन बजरी से भरे ट्रक पकड़े जा रहे हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई कभी इससे आगे नहीं बढ़ रही। बागूंडी के आस-पास अवैध बजरी के ढेर लगे हैं, लेकिन पुलिस इसके तह तक नहीं पहुंच रही।
ये भी पढें...
टैक्सी से 22 कर्टन अवैध शराब पकड़ी
सेड़वा . विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष निगरानी दस्ते ने मंगलवार को साता-बेडिय़ा सड़क पर एक तिपहिया वाहन से 22 कर्टन अवैध शराब बरामद की।
यहां सेड़वा तहसीलदार सुनील कुमार कटेवा मय पुलिस जाब्ता गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक टैक्सी को रुकवाकर जांच की तो उसमें शराब के कर्टन भरे मिले।
इस पर उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को सूचित किया। इसके बाद चौहटन पुलिस ने मौके पर पहुंच टैक्सी चालक महेशदान पुत्र मोडदान चारण निवासी तरला को गिरफ्तार किया।
टीम में सेड़वा तहसीलदार सुनिलकुमार कटेवा, सेड़वा थाना एएसआई पदमसिंह, वरिष्ठ सहायक रामनारायण विश्नोई सहीत अन्य मौजूद थे।