बाड़मेर

फिल्मी और राजनीतिक सितारों के साथ प्रचार उफान पर

- भाजपा-कांग्रेस आखिरी दो दिनों में झोंक रही हैं ताकत -प्रशासनिक तैयारियां अब हुईं तेज-राजकीय महाविद्यालय से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
less than 1 minute read
Apr 26, 2019
Lok Sabha elections, BJP and Congress gave full power to the campaign
Lok Sabha elections, BJP and Congress gave full power to the campaign

बाड़मेर. लोकसभा चुनाव को लेकर आखिरी दो दिन में प्रचार-प्रसार उफान पर आ गया है। भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। 26 अप्रेल को हनुमान बेनीवाल व कर्नल वीकेसिंह बाड़मेर में होंगे। वहीं 27 अप्रेल को सिने स्टार सन्नी देओल का बाड़मेर में रोड शो होगा। कांग्रेस-भाजपा ने डोर-टू-डोर संपर्क तेज कर दिया है। पूरे जिले में चुनावी रंगत नजर आने लगी है।

आज आए कौन-कहां

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व नागौर संसदीय सीट से एनडीए प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल शुक्रवार को बाड़मेर जिले के दौरे पर रहेंगे। पूर्व मंत्री अरूण चतुर्वेदी भी आएंगे। दोनों नेता सुबह 10:30 बजे चौहटन तथा 12:30 बजे बायतु में आमसभा को संबोधित करेंगे। वहीं दोपहर 2 बजे शिव में होने वाली सभा को केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह संबोधित करेंगे।

प्रशासनिक तैयारियां तेज

चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। पीजी कॉलेज परिसर से पोलिंग पार्टियों की रवानागी के लिए तैयारियां की जा रही हैं। यहीं से ही बाड़मेर जिले के 2194 बूथों के लिए पार्टियों की रवानगी की जाएगी। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए बाड़मेर से दल रवाना होंगे। वहीं संसदीय क्षेत्र की जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के लिए वहां से पोलिंग टीमों को रवाना किया जाएगा। जैसलमेर में 358 पोलिंग बूथ हैं। संसदीय सीट के चुनाव के लिए दोनों जिले में कुल 2552 बूथों पर 29 अप्रेल को मतदान होगा।

चुनाव के लिए पहुंचने लगे वाहन

लोकसभा चुनावों के लिए अधिग्रहीत वाहनों को कॉलेज मैदान में खड़ा करवाया गया है। वहीं वाहनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यहां आने वाले वाहनों को दलों के लिए आने-जाने के साथ चुनाव कार्यों में उपयोग होगा। वहीं कुछ वाहनों को रिजर्व में रखा जाएगा।

Updated on:
26 Apr 2019 11:25 am
Published on:
26 Apr 2019 11:25 am