https://www.patrika.com/barmer-news/
बाड़़मेर. आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर रिटर्निग एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में किसी प्रकार की रैली या जनसभा बिना अनुमति आयोजित नहीं होगी। और अनुमति देने के लिए रजिस्टर मैंटेन किया जाए। उन्होंने कहा कि रैली-सभा की अनुमति भी अब 'पहले आओ, पहले पाओ' की तर्ज पर अनुमति मिलेगी। समस्त विधानसभा क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारी संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से भ्रमण करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं स्वतंत्र चुनाव संपन्न कराने के लिए आयोग के दिशा-निदेर्शों के अनुरूप समस्त तैयारियां करें। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर रिटर्निंग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए मतदान केन्द्रों का सघन निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके आदर्श आचार संहिता की जानकारी प्रदान करें। उन्होंने ईवीएम और वीवीपेट मशीनों का वृहद स्तर प्रदर्शन करते हुए आमजन को इसके बारे में विस्तार से जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना के लिए फ्लाइंग स्कवायर्ड, वीडियो सर्विलांस और अन्य टीमें तैनात करने के प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने होर्डिंग्स साईट्स से पोस्टर एवं बैनर हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि राजनीतिक प्रचार के समस्त होर्डिंग्स, पोस्टर एवं बैनर हटाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के स्तर पर विधानसभा चुनावों के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष सतत रूप से कार्य करेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल ने विधानसभा चुनावों की प्रक्रिया के दौरान कानून एवं व्यवस्था के सम्बन्ध में चर्चा करते हुए अधिकारियों को अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार के इनपुट या सूचना को सम्बन्धित पुलिस थानों के प्रभारियों से साझा करने को कहा। उन्होंने जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल मेघवाल ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विविध पहलूओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।