मुख्यमंत्री के सचिव को कहा- बाड़मेर में हालात खराब, प्रतिदिन छह टन ऑक्सीजन व दो हजार इंजेक्शन की जरूरत - तीन टन ऑक्सीजन व २०० रेमेडिसीवर इंजेक्शन की पहली खेप बाड़मेर रवाना
बाड़मेर. राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर में लगातार बढ़ते कोविड मरीजों के चलते हालातों से निपटने की पूर्व तैयारी के तहत विधायक मेवाराम जैन बुधवार रात जयपुर रवाना हुए।
गुरुवार उन्होंने मुख्यमंत्री के सचिव कुलदीप रांका से मुलाकात कर बाड़मेर अस्पताल में रेमेडिसीवर इंजेक्शन व ऑक्सीजन की व्यवस्था की मांग की। इस पर गुरुवार को तीन टन ऑक्सीजन व २०० रेमेडिसीवर इंजेक्शन बाड़मेर भेजे गए। जैन ने बताया कि बाड़मेर जिले में तमाम प्रयासों के बावजूद स्थितियां खराब हो रही है। रेमेडिसीवर इंजेक्शन की देशव्यापी कमी के चलते हॉस्पिटल में मांग के अनुरूप इंजेक्शन उपलब्ध नही हो रहे हैं। मरीजो की संख्या बढऩे से ऑक्सीजन के उपलब्ध स्रोत भी कम पड़ रहे हैं। इसी परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने जयपुर में मुख्यमंत्री के सचिव कुलदीप रांका से मुलाकात कर बताया कि राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर में लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए ऑक्सीजन की कमी पड़ रही है, जो स्रोत हमारे पास है उनसे ऑक्सीजन पूरी नही हो पा रही है।
साथ ही रेमडिसीवर इंजेक्शन बहुत कम संख्या में उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने बाड़मेर में रोजाना 6 टन ऑक्सीजन , 200 रेमेडिसीवर इंजेक्शन स्थितियां की गंभीरता को देखते हुए अतिशीघ्र उपलब्ध करवाने की मांग की। जैन ने बताया कि कुलदीप रांका ने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत संबंधित को बाड़मेर में ऑक्सीजन व रेमेडिसीवर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद बाड़मेर के लिए तीन टन ऑक्सीजन व दो सौ इंजेक्शन की डिलीवरी रवाना की गई। विधायक की अपील, भीड़ से बचें- मेरा बाड़मेर जिले के वासियों से निवेदन है कि आप परिस्थियां की भयावता को समझें।
शादी समारोह में भीड़ नही करें, मास्क अवश्य पहनें। ऐसे समय में दृढ़ विश्वास व हिम्मत से काम लें। हम इस महामारी को बहुत जल्द खत्म करने में कामयाब होंगे।- -मेवाराम जैन विधायक बाड़मेर