
समदड़ी. कस्बे के अजीत-सिवाना बाय पास सड़क के मोड़ पर तेज गति से जा रहे एक टे्रलर ने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार के पीछे बैठी पत्नी के उछल कर दूर गिरने से जान बच गई। पुलिस ने ट्रेलर व चालक को कब्जे में लिया है।
थानाधिकारी भुट्टाराम विश्नोई ने बताया कि जालमसिंह (40) पुत्र विशनसिंह जाति राजपूत निवासी धनपुरा (बनासकांठा, गुजरात), जो अपनी पत्नी कैलाशकंवर के साथ अपने गांव से बाइक पर सवार होकर गांव सनाई, तहसील लूणी स्थित अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान कस्बे के नटों की वास के पास स्थित सिवाना बायपास सड़क के मोड़ पर सामने से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारी। इस टक्कर से बाइक पर बैठी कैलाशकंवर उछल कर दूर जा गिरी, जबकि जालमसिंह का सिर टे्रलर केे पहिए के नीचे आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ 108 मौके पर पहुंची पति-पत्नी को समदड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने जालमसिंह को मृत घोषित किया। जबकि उनकी पत्नी का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दी।
टक्कर मार कर टे्रलर को दौड़ाया - बाइक सवार को टक्कर मारते ही टे्रलर चालक टे्रलर लेकर भागने लगा। पुलिस ने एक किलोमीटर तक पीछा कर टे्रलर को पकड़ा। टे्रलर चालक ने पुलिस को अपना नाम भगवानसिंह पुत्र घीसासिंह राजपूत निवासी कालीन्धर (ब्यावर, अजमेर) बताया। पुलिस ने टे्रलर व चालक को हिरासत में लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
जाना था ससुराल आ गई मौत- गुजरात प्रान्त निवासी जालमसिंह अपनी पत्नी के साथ सनाई गांव स्थित अपने ससुराल जा रहा था। ससुराल में सास की मौत के बाद शोक के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। टे्रलर उनके लिए काल बनकर आया और उसकी जान ले ली।