बाड़मेर

सांसद बोले : किसान कर्ज माफी पर कांग्रेस कर रही है सिर्फ बयानबाजी

- सांसद ने गिनाए चार साल में किए विकास के काम - किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ तो भाजपा करेगी आंदोलन  
2 min read
Jan 25, 2019
Sonaram Chaudhary in barmer
Sonaram Chaudhary in barmer

बाड़मेर. सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी के अनुसार चुनाव प्रचार में राहुल गांधी ने दस दिन में कर्ज माफ करने का दावा किया, लेकिन सरकार बनने के डेढ़ बाद भी कुछ नहीं कर पाए। कांग्रेस के नेता सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। एक भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ। अब बचाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने का कह रहे हैं। कांग्रेस झूठ बोलकर सरकार में आई है। बेरोजगारों के साथ धोखा किया।

उन्होंने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का दुबारा सर्वे करवाया, इससे डेढ लाख पात्र परिवारों को लाभ मिला। कांग्रेस राज में कई मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त रहे, लेकिन मोदी राज में एक भी मामला नहीं आया। आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू किया। यूरिया खाद को लेकर किसानों के लिए यूनिकोड लागू किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद को चुन-चुन कर खत्म करेगी। बाड़मेर जिले में सड़कों का जाल बिछा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस के मंत्री अनर्गला बयानबाजी कर रहे हैं, स्वाइन फ्लू को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, लोग मौत के शिकार हो रहे हैं। लेकिन सरकार कहीं गंभीर नहीं है।


हनुमान बेनीवाल के सम्पर्क में था

कर्नल ने माना कि वे विधानसभा चुनाव में विधायक हनुमान बेनीवाल के सम्पर्क में थे, उनकी फोन पर बात होती थी। लेकिन उन्होंने मुझे नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी टिकट देगी तो लोकसभा चुनाव लड़ुंगा। बाड़मेर से विधानसभा चुनाव हारने के सवाल पर कहा कि मौजूदा विधायक ने लोगों को गुमराह किया। मुझे हैरानी हो रही है, बुद्धिजीवी लोग गुमराह हो गए।


भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के ऋण माफी, आरक्षण व बेरोजगारी भत्ता दिलाने के लिए 28 जनवरी को विधानसभावार प्रदर्शन करेंगे। उसके बाद 8 फरवरी को जिला मुख्यालय पर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।

Updated on:
25 Jan 2019 08:01 pm
Published on:
25 Jan 2019 08:01 pm