- गतिअवरोधक व संकेतक बोर्ड का अभाव - बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, सुधार के नहीं हो रहे प्रयास- हाईवे पर सरपट दौड़ते वाहनों से दुर्घटना का अंदेशा
सिवाना.
कस्बे के आबादी क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति अवरोधक व संकेत बोर्ड का अभाव हजारों जनों के लिए परेशानी बना हुआ है। इसके अभाव में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। बावजूद इसके बिगड़ी यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। लंबे समय से ग्रामीणों की मांग के बावजूद इनका निर्माण व सुधार नहीं करने से उनमें रोष है।
कस्बे से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे घनी आबादी बसी हुई है, लेकिन आज दिन तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति अवरोधक व संकेत बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। सरपट भागते वाहनों पर हर समय दुर्घटना घटित होने का अंदेशा रहता है। अब तक घटित घटनाओं में कई जने गंभीर चोटिल व घायल हो चुके हैं।
मंगलवार को बालोतरा रोड पर मोटरसाइकिल ने महिला को चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौत हो गई। तीन माह पूर्व हाईवे पर पोस्ट ऑफिस के सामने एक साथ चार वाहन आपस में भीड़ गए। इन हादसों के बाद परेशान ग्रामीण कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग से मार्ग पर गति अवरोधक व संकेत बोर्ड लगाने की मांग कर चुके हैं।
यहां जरूरत है अवरोधक व संकेत बोर्ड की - कस्बे के पादरड़ी फांटा, बालोतरा रोड़, मोकलसर -चम्पावाड़ी जैन संस्थान तक एक किमी दूरी में सड़क के दोनों ओर सघन आबादी है। एक दर्जन शिक्षण संस्थान, सरकारी कार्यालय, धार्मिक स्थल,बैंक व बड़ी संख्या में दुकानें हैं। इस पर सुबह से देर शाम तक हजारों जनों का आवागमन रहता है। मार्ग पर गति अवरोधक व संकेत बोर्ड के अभाव में सरपट भागते वाहनों पर हर समय दुर्घटनाएं होने का अंदेशा रहता है। गति अवरोधक बना व संकेतक बोर्ड लगाकर इन्हेंं टाला जा सकता है।
गति अवरोधक व संकेतक बोर्ड आवश्यक- राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव से यातायात व्यवस्था लडख़ड़ाई हुई है। गति अवरोधक व संकेत बोर्ड के अभाव में हर दिन लोग परेशानी उठाते हंै। विभाग इन्हें लगाएं। - लच्छीराम माली, वार्डपंच
हर वक्त दुर्घटनाओं का अंदेशा- हाईवे पर तेजी से भागते वाहनों की गति कम करने को लेकर गति अवरोधक नहीं है। इस पर हर समय दुर्घटना का डर सताता है। विभाग जनहित में गति अवरोधक बनाएं। यातायात नियमों के चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ कार्रवाई करें। - चन्दनसिंह राजपुरोहित, वार्ड पंच