11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बाड़मेर में सरकारी योजना के काम में बड़ी गड़बड़ी, महिला मेट का मजदूरों से पैसे लेने का वीडियो वायरल

बाड़मेर की ग्राम पंचायत सियानी में वीबी-जी राम जी योजना के तहत चल रहे कार्य में महिला मेट पर श्रमिकों से पैसे लेने का आरोप लगा है। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बाड़मेर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 11 Nov 2026, 5:21 PM IST

barmer woman mate viral video

मजदूरी करने वाली महिलाओं से पैसे लेने का आरोप (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)

Barmer Woman Mate Viral Video: रामसर (बाड़मेर): पंचायत समिति रामसर की ग्राम पंचायत सियानी में सरकारी योजनाओं के तहत कराए जा रहे कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम पंचायत के सियानी नाड़ी पर चल रहे कार्य के दौरान महिला मेट पर महिला श्रमिकों से कथित रूप से पैसे लेने का आरोप लगा है। इस घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में एक महिला दूसरी महिला को कुछ नोट देती नजर आ रही है। आरोप है कि यह राशि श्रमिकों के नाम लेकर वसूली जा रही थी। फिलहाल, वायरल वीडियो की राजस्थान पत्रिका पुष्टि नहीं करता।

जानकारी के मुताबिक, सियानी नाड़ी पर वीबी-जी राम जी योजना के तहत कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य में कई महिला श्रमिक भी लगी हुई हैं। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि महिला मेट की ओर से श्रमिकों से हाजिरी चढ़ाने अथवा कार्य से संबंधित किसी प्रक्रिया के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। हालांकि, पैसे लेने के पीछे की वजह क्या थी और वीडियो में दिखाई दे रही महिलाएं कौन हैं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मजदूरी करने वाली महिलाओं से पैसे लेने का आरोप

योजना के तहत श्रमिकों को काम के बदले मजदूरी मिलती है। ऐसे में यदि मजदूरों से हाजिरी दर्ज कराने या अन्य किसी प्रक्रिया के नाम पर राशि ली जा रही है तो यह गंभीर मामला है। वायरल वीडियो के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी कार्यों की निगरानी व्यवस्था और श्रमिकों के हितों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आरोप है कि महिला मेट की ओर से महिला श्रमिकों के नाम लेकर पैसे लिए जा रहे थे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित राशि किस उद्देश्य से दी गई थी। मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक जांच रिपोर्ट या पुष्टि भी सामने नहीं आई है।

क्या है वायरल वीडियो में?

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में एक स्थान पर कुछ महिलाएं खड़ी दिखाई दे रही हैं। इनमें एक महिला दो-तीन महिलाओं के नाम लेती हुई उनके सामने खड़ी दूसरी महिला को नोट देती नजर आ रही है। सामने खड़ी महिला भी पैसे लेती दिखाई देती है। इस दौरान पास में खड़ी एक महिला घूंघट ऊपर करके पूरे घटनाक्रम को देखती नजर आती है, जबकि एक अन्य महिला उनके पास बैठी हुई दिखाई दे रही है।

वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें दिखाई दे रही महिला महिला मेट है और श्रमिकों से संबंधित राशि का लेन-देन हो रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता, स्थान और इसमें दिखाई दे रही महिलाओं की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वीडीओ बोले- मुझे मामले की जानकारी नहीं

मामले को लेकर ग्राम पंचायत सियानी के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) तिलोकराम ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से किसी को भी श्रमिकों से पैसे लेने के लिए नहीं कहा गया है।

वहीं, पंचायत समिति रामसर के विकास अधिकारी विक्रम जांगिड ने कहा कि किसी के कहने से कुछ नहीं होता है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।