बाड़मेर

खाई में डालने के लिए पाइप नहीं, पशु गिर रहे!

- 3 माह पूर्व लाइन खोदी, ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल
2 min read
No pipe to enter the ditch, the animals are falling
No pipe to enter the ditch, the animals are falling

- 3 माह पूर्व लाइन खोदी, ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल

शिव . शिव तहसील क्षेत्र के गांवों को पेयजल लाइन से जोडऩे का कार्य इन दिनों जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते आमजन की आफत बना हुआ है। यहां विभिन्न गांवों के लिए लगने वाले अलग-अलग साइज के पाइप उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कई जगह करीब तीन माह से खोदी खाई उसी हाल में पड़ी है। इसमें पशुओं के गिर जाने से कई बार उनकी मौत भी हो जाती है। वहीं ग्रामीणों के लिए एक ओर से दूसरी तरफ जाना भी मुश्किल हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि शिव क्षेत्र में कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

महिने गुजरे, काम वहीं का वहीं
मनिहारी पंप रूम से गूंगा तक राष्ट्रीय राजमार्ग 68 के समीप, राजस्व गांव हड़वेचा से नेगरड़ा, देवका से मति का गोल जाने वाली लाइन की खुदाई 3 माह पूर्व की गई, लेकिन पाइप डालकर जमीन को समतल नहीं करने से यहां के ग्रामीणों का आना-जाना भी कठिन हो गया है।

बह गया हजारों लीटर पानी
देवका से पुषड़ की ओर जाने वाली लाइन की खुदाई के दौरान पूर्व में जा रही जलदाय विभाग की पेयजल लाइन टूट जाने से यहां हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया, लेकिन संबंधित ठेकेदारों ने इस ओर कोई ध्यान तक नहीं दिया।

तीन माह पूर्व लिफ्ट परियोजना की पाइप लाइन के लिए गांव में लाइन की खुदाई की गई, लेकिन पाइप डालकर इसे वापस समतल नहीं करने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

- आलाराम सैन, मति का गोल

विभिन्न गांवों को जोडऩे के लिए अलग-अलग साइज के पाइप लगवाने हैं, ये वर्तमान में उपलब्ध नहीं है। इस कारण कुछ समस्या आ रही है। बारिश से पूर्व जहां पर भी खुदाई की हुई है वहां पाइप डालकर जमीन को समतल कर दिया जाएगा।
- ललित कुमार, ठेकेदार

लिफ्ट केनाल परियोजना के तृतीय चरण के तहत शिव क्षेत्र में कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। कुछ स्थानों पर समस्या है तो कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों से बात कर जल्द ही समाधान कर आमजन को राहत दी जाएगी।

- प्रतापसिंह, अधिशासी अभियंता, लिफ्ट परियोजना

Published on:
02 Jun 2018 05:01 pm