बाड़मेर

नाराज वोटरों ने दबाया नोटा का बटन, 12 हजार से ज्यादा मतदाताओं ने नकारे सभी प्रत्याशी

बाड़मेर. पंचायतीराज चुनाव में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने मैदान में उतरे प्रत्याशियों को नकारते हुए नोटा का बटन दबाया। पंचायत समिति की तुलना में जिला परिषद चुनाव में नोटा के प्रति असहमति अधिक मुखर रही और 3425 अतिरिक्त मतदाताओं ने यह विकल्प चुना। आंकड़े बताते हैं कि जिला परिषद चुनाव में नोटा का प्रतिशत भी 1.21 से बढ़कर 1.71 तक पहुंच गया।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:51 PM IST
ai photo
ai photo

बाड़मेर. पंचायतीराज चुनाव में राजनीतिक दलों के बीच जीत-हार और वोटों की खींचतान के बीच मतदाताओं ने नोटा का विकल्प भी बड़ी संख्या में चुना। चुनाव मैदान में उतरे किसी भी प्रत्याशी को पसंद नहीं करने वाले मतदाताओं ने ईवीएम में नोटा का बटन दबाकर अपनी असहमति दर्ज कराई। जिले में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के आंकड़ों की तुलना करें तो जिला परिषद चुनाव में नोटा के प्रति मतदाताओं का रुझान बढ़ा है। पंचायत समिति चुनाव में जहां 8729 मतदाताओं ने नोटा चुना, वहीं जिला परिषद चुनाव में यह संख्या बढ़कर 12,154 तक पहुंच गई। यानी जिला परिषद चुनाव में 3425 अधिक मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। आंकड़ों के लिहाज से पंचायत समिति चुनाव में नोटा को कुल 7,22,085 मतों में से 1.21 प्रतिशत वोट मिले। वहीं जिला परिषद के 7,09,902 मतों में नोटा का हिस्सा 1.71 प्रतिशत रहा।

बसपा से कई गुना ज्यादा नोटा को वोट

नोटा के आंकड़ों की तुलना अन्य दलों से करें तो इसकी तस्वीर और स्पष्ट होती है। पंचायत समिति चुनाव में बसपा को महज 185 वोट मिले, जबकि नोटा को 8729 वोट हासिल हुए। यानी नोटा को बसपा से करीब 47 गुना अधिक मत मिले। हालांकि, नोटा को मिले वोट निर्दलीय प्रत्याशियों के कुल वोटों से कम रहे। जिला परिषद में निर्दलीयों को 17,071 और पंचायत समिति में 35,298 वोट मिले।

नाराजगी के कारणों की पड़ताल जरूरी

नोटा का विकल्प चुनने के पीछे कई तरह के कारण हो सकते हैं। इनमें प्रत्याशियों के प्रति असंतोष, स्थानीय मुद्दों पर अपेक्षाओं का पूरा नहीं होना, राजनीतिक दलों से नाराजगी या चुनाव मैदान में उपलब्ध विकल्पों में किसी को उपयुक्त नहीं मानना शामिल हो सकता है। फिलहाल चुनाव परिणामों में नोटा के बढ़ते आंकड़े राजनीतिक दलों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संकेत हैं कि मतदाताओं के एक वर्ग ने उपलब्ध प्रत्याशियों में से किसी को चुनने के बजाय असहमति दर्ज कराने का विकल्प अपनाया।

ईडब्ल्यूएस के मुद्दे पर नाराजगी

पंचायती राज चुनाव में भाजपा की हार के कई कारण सामने आ रहे हैं। इनमें शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ईडब्ल्यूएस सरलीकरण यात्रा को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है। भाटी ने चुनाव से पहले दो चरणों में प्रदेश के 12 जिलों में यात्रा निकाली। जानकारों का कहना है कि ईडब्ल्यूएस के मुद्दे पर लंबे समय से चली आ रही नाराजगी का असर चुनाव परिणामों में भी देखने को मिला। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि कांग्रेस इस जीत को अपनी जीत नहीं समझे। भाजपा के मूल कोर वोटर ने ही पार्टी को आइना दिखाया है। काम के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ा है।

Updated on:
23 Nov 2026, 5:51 PM IST
Published on: