
Barmer Sarpanch Election Result 2026: बाड़मेर। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सोढ़ा परिवार के लिए एक और उपलब्धि जुड़ी है। लक्ष्मण सिंह सोढ़ा के छोटे भाई पदम सिंह सोढ़ा छाछरो (भारत) बावड़ी कल्ला के प्रथम सरपंच निर्वाचित हुए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही क्षेत्र में उनके परिवार की ऐतिहासिक भूमिका एक बार फिर चर्चा में आ गई है। उनकी जीत के बाद गांव में जश्न मनाया गया और छाछरो के पुराने रियासतकालीन गीत गाए गए। बता दें कि पिछले साल राजस्थान सरकार ने बावड़ीकला से एक नया राजस्व गांव छाछरो घोषित किया था।
सोढ़ा परिवार का इतिहास 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध से लेकर पाकिस्तान की राजनीति और शासन तक जुड़ा रहा है। परिवार के सदस्यों ने अलग-अलग समय पर राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं। परिवार के दादा अखेराज सिंह सिंध विधानसभा के पहले विधायक बने। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने भी सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सोढ़ा परिवार ने ब्रिगेडियर भवानी सिंह के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस अभियान में भारतीय सेना को उल्लेखनीय सफलता मिली थी। इसी युद्ध में अपनी भूमिका के लिए भवानी सिंह को महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
भाजपा नेता मानवेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर पदम सिंह सोढ़ा के सरपंच चुने जाने पर खुशी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छाछरो के लक्ष्मण सिंह सोढ़ा के छोटे भाई पदम सिंह सोढ़ा आज भारत स्थित ग्राम पंचायत छाछरो (बावड़ी कल्ला) के सरपंच निर्वाचित हुए हैं। यह वही परिवार है, जिसने 1971 के भारत-पाक युद्ध में ब्रिगेडियर महाराजा भवानी सिंह के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिससे भारतीय सेना को बड़ी सफलता मिली। इसी युद्ध में महाराजा भवानी सिंह को उनकी वीरता के लिए महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। मानवेंद्र सिंह ने इस पोस्ट में राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी को भी टैग किया।