
कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल। फोटो: पत्रिका
बाड़मेर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों में मतदान होना है। पहले चरण की वोटिंग से एक दिन पहले बाड़मेर से बड़ी खबर सामने आई है। बाड़मेर की मांगता पंचायत समिति के वार्ड 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल का शव खेत में मिलने से सनसनी फैली गई। सूचना मिलते ही पुलिस सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
घटना सदर थाना इलाके के आलमजी का थान (उड़ासर) गांव में बुधवार सुबह करीब 4 बजे की है। सदर थाना सीआई देवीचंद ढाका ने बताया कि आलमजी का थान निवासी मोहनलाल पुत्र पूनमाराम का शव बुधवार को खेत पर मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस अभी परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ में जुटी हुई है। मांगता पंचायत समिति में पहले चरण में 22 अक्टूबर को मतदान होना है। यहां वार्ड 8 से कांग्रेस के मोहनलाल सहित तीन प्रत्याशी मैदान में थे। यहां भाजपा से भभूता राम और आरएलपी से ओमप्रकाश प्रत्याशी हैं।
बाड़मेर जिले की 10 पंचायत समितियों में गुरुवार को 6 लाख 88 हजार 347 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रथम चरण में जिला परिषद के 23 वार्डों में 71 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें वार्ड संख्या 1 से 22 तथा 31 और 32 के लिए मतदान होगा। वार्ड-4 में चुनाव निर्विरोध हो रखा हैं। वहीं, जिले की 10 पंचायत समितियों के 160 वार्डों में 465 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
बाड़मेर जिले में मतदान के लिए कुल 935 बूथ निर्धारित किए गए हैं। चौहटन पंचायत समिति में सर्वाधिक 1 लाख 2 हजार 305 मतदाता हैं, जबकि मांगता में सबसे कम 31 हजार 836 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। मतदान दल बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभालेंगे, ताकि गुरुवार को निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो सके। प्रशासन का जोर मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है।
Updated on:
21 Oct 2026 03:19 pm
Published on:
21 Oct 2026 03:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
