शादी समारोह में कोरोना का खलल, मेहमानों को कर रहे मना - सख्ती के चलते मेजबान भी बरत रहे सावधानी - कार्यक्रम हुए आधे, मेहमान रह गए चौथाई
बाड़मेर. शादी समारोह में अब कोरोना खलल डाल रहा है। कुछ दिन पहले जिन लोगों को हंसी-खुशी के साथ आमंत्रित किया था, उनको अब मैसेज डाल कर माफी मांगते हुए कार्यक्रम रद्द होने की बात कह कर माफी मांगी जा रही है। एक तरफ प्रशासनिक सख्ती तो दूसरी ओर बढ़ते कोरोना के चलते मे मेजबान एेसा कर रहे हैं। स्थिति यह है कि अब कार्यक्रम आधे रहे गए हैं तो मेहमानों की सूची चौथाई।
जिले में पिछले कुछ दिन से कोरोना पॉजिटिव के आंकड़े बढऩे लगे हैं। दिनोंदिन हो रही बढ़ोतरी के बीच राज्य सरकार ने नई गाइड लाइन जारी की है जिसमें पचास से ज्यादा लोगों का शादी समारोह में शामिल होना रोक दिया गया है। इस गाइड लाइन की पालना को लेकर प्रशासनिक सख्ती नजर आ रही है। हर जगह कार्मिकों की नियुक्ति, पूर्व में सूचना देने व प्रशासनिक अमले के मौके पर पहुंचने से अब मेजबान भी सावधानी बरत रहे हैं।
स्थिति यह है कि कुछ दिन पहले जिन लोगों को कुमकुम पत्रिका देकर, मोबाइल कर और व्यक्तिगत मिलकर शादी में आने का निमंत्रण दिया था उनको आने का मना किया जा रहा है। इसके लिए मैसेज कर रहे हैं कि कोरोना काल में प्रीति भोज व अन्य कार्यक्रम स्थगित किए गए है इसलिए आपको सूचित किया जा रहा है।
कोरोना गाइड लाइन की करें पालना- हर मैसेज के साथ यह जरूरी लिखा जा रहा है कि कोरोना में बचाव ही उपाय है इसलिए घरों में ही रहें। मास्क का प्रयोग करें, एक-दूसरे से दो गज की दूरी जरूर रखें। अपने व अपने परिवार का ध्यान रखते हुए कोरोना टीकाकरण जरूर करवाएं।
कार्यक्रम हो गए कम- तीन घंटे में शादी समारोह निपटाने के निर्देश ने शादियों में कार्यक्रमों को कम कर दिया है। स्थिति यह है कि अब अधिकांश शादियों में डीजे, बैंड नहीं बज रहे हैं। समाज के लोगों तक भी शादी में आने व गीत गाने का निमंत्रण बंद हो चुका है। वहीं महिला संगीत भी कई जने नहीं कर रहे हैं। गृह शांति में खुद का परिवार व खास मिलने वाले ही आ रहे हैं।
क्या करें गाइड लाइन ही एेसी- पहले लोगों को आमंत्रित किया था, लेकिन अब पचास से ज्यादा लोगों के समारोह में शामिल नहीं होने पर मना कर रहे हैं। सीधे मना कैसे करें इसलिए मोबाइल पर मैसेज छोड़ रहे हैं।- कानाराम, मेजबान
गाइड लाइन की पालना जरूरी- कोरोना गाइड लाइन की पालना जरूरी है। इसको लेकर प्रशासन सख्त है। आमजन से अपील है कि शादी समारोह में कम से कम लोग शामिल हो। मास्क की अनिवार्यता सहित सभी नियमों की पालना करें।- प्रेम सिंह माचरा, तहसीलदार बाड़मेर