बाड़मेर

खेल नीतियों, मनरेगा कटौती व बढ़ती नशा प्रवृत्ति पर विरोध

Feb 13, 2026
Feature image
बालोतरा। कांग्रेस खेलकूद प्रकोष्ठ ने मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को सौंपा ज्ञापन।

बालोतरा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी खेलकूद प्रकोष्ठ बालोतरा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार वैष्णव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की भाजपा सरकार की खेल विरोधी नीतियों, मनरेगा योजना में कटौती और प्रदेश में बढ़ती नशा प्रवृत्ति के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव को सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेशाध्यक्ष अमीन पठान के निर्देशानुसार जिले के खिलाड़ी एवं खेल प्रेमियों ने प्रदेश में खेलों की उपेक्षा और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। मनरेगा योजना को ग्रामीण गरीब, मजदूर, किसान एवं बेरोजगार युवाओं के लिए जीवन रेखा बताते हुए बजट एवं कार्य दिवसों में कटौती को जनविरोधी निर्णय बताया गया। कहा गया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी व पलायन बढ़ेगा तथा गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी। ज्ञापन में बताया कि कई ग्रामीण युवा एवं खिलाड़ी मनरेगा के माध्यम से आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति करते हुए खेल गतिविधियों से जुड़े रहते हैं। योजना में कटौती से उनके खेल भविष्य पर भी असर पड़ रहा है। साथ ही युवाओं में मादक पदार्थों की बढ़ती उपलब्धता और उपयोग को समाज के लिए चिंताजनक बताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से जनहित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रदेश सचिव सलीम खिलेरी, यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नासिर चढ़ावा, विकास सांखला, राजू प्रजापत, दुर्गेश पुरी, विकास कोठारी, महेश जाटोल, महेंद्र कटारिया, शाहरुख हाडा, सुरेशकुमार, इम्तियाज, रविन्द्र सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Updated on:
13 Feb 2026 08:48 pm
Published on:
13 Feb 2026 08:48 pm