29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पति के इंतजार में 40वां करवा चौथ: पाकिस्तान की कैद में हैं बाड़मेर के भगु सिंह, बकरियां चराते हुए पार कर गए थे बॉर्डर

बाड़मेर के धनाऊ गांव की लक्ष्मी कंवर पिछले 40 साल से अपने पति भगु सिंह के लौटने का इंतजार कर रही हैं, जो बकरियां चराते हुए अनजाने में पाकिस्तान चले गए थे और जेल में बंद हैं। करवा चौथ पर वह हर साल सुहाग की सलामती की दुआ करती हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बाड़मेर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 29 Oct 2026, 10:08 AM IST

barmer man jailed in pakistan

पति की फोटो निहारती लक्ष्मी कंवर (पत्रिका फोटो)

Barmer Karwa Chauth Special News: धनाऊ (बाड़मेर): करवा चौथ पर सुहागिनें आसमान में चांद का दीदार कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना करेंगी। वहीं, सरहद पर बसे धनाऊ गांव की लक्ष्मी कंवर के लिए चांद आसमान में नहीं, सरहद पार पाकिस्तान में है। 40 साल से पति भगु सिंह की राह देख रही लक्ष्मी के मन में हर करवा चौथ पर एक ही सवाल उठता है, आखिर उनका चांद कब लौटेगा? पति के लौटने की आस आंखों में आज भी जिंदा है।

पर्व पर उम्मीद, उनका सुहाग लौट आए

पति के बिछड़ने के बाद लक्ष्मी कंवर के सामने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने की चुनौती थी। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बच्चों की परवरिश में जुट गईं। लक्ष्मी कंवर के लिए करवा चौथ सिर्फ त्योहार नहीं, बिछड़े पति से दोबारा मिलने की उम्मीद का दिन है। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी आंखें उसी राह पर टिकी हैं, जिस पर नजरें लगाए चार दशक गुजर गए। हर बार की तरह इस बार भी उनकी एक ही दुआ है, उनका सुहाग लौट आए और जिंदगी में फिर खुशियां लौटें।

बच्चे बड़े होते गए…वापसी की खबर नहीं आई

करीब चार दशक पहले भगु सिंह बकरियां चराते हुए अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गए थे। वहां सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें जेल में डाल दिया। अनजाने में हुई गलती से परिवार को आज तक उनके लौटने का इंतजार है। लक्ष्मी कंवर को उम्मीद थी कि पति जल्द लौट आएंगे और परिवार में फिर से खुशियां लौटेंगी, लेकिन दिन महीनों में और महीने वर्षों में बदलते गए। बच्चे बड़े होते गए, समय गुजरता गया, मगर भगु सिंह की वापसी की खबर नहीं आई।

सरकार से आज भी आस

लक्ष्मी कंवर और उनके परिजन वर्षों से भगु सिंह की वतन वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिवार की पीड़ा है कि इतने लंबे समय बाद भी उनकी स्थिति की स्पष्ट जानकारी और उनकी घर वापसी को लेकर कोई ठोस खबर नहीं मिल पाई है। परिजन चाहते हैं कि सरकार और संबंधित एजेंसियां मामले की जानकारी जुटाएं और भगु सिंह की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास करें।