-बरसात के बाद हवा में घुली सर्दी-पश्चिमी विक्षोभ का असर आया नजर
बाड़मेर जिले में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। सर्दी की दस्तक के बाद पहली बार सोमवार देर शाम को जिले के शिव कस्बे व आसपास में बूंदाबांदी हुई। अचानक हुई बूंदाबांदी के बाद हवा सर्द हो गई। पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने हल्की बरसात की उम्मीद जताई थी। बाड़मेर के शिव में देर शाम अचानक आसमान में बिजली चमकने लगी। इस दौरान लोगों को बरसात की उम्मीद जगी। कुछ देर में बूंदबांदी का दौर शुरू हो गया। बूंदाबांदी होने से सड़कें भीग गई।
सर्दी का असर अब बढ़ता जा रहा है। दिन और रात का पारा नीचे जा रहा है। हवा में ठंडक घुलती जा रही है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह में तापमान में और कमी के संकेत दिए है। सुबह-शाम के साथ अब दिन में भी सर्दी महसूस होने लगी है। सर्दी बढऩे के साथ लोगों की दिनचर्या में परिवर्तन आने लगा है। अब सुबह सड़कों पर चहल-पहल देरी से शुरू हो रही है। गर्म कपडे पहने भी लोग दिख रहे हैं।
बादलों की रहेगी आवाजाही, हो सकती है बूंदाबांदी
अगले चार-पांच दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके चलते बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो सकती है। जिससे आने वाले दिनों में सर्दी का असर बढ़ सकता है। बाड़मेर जिले में सीजन में पहली बार बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। शिव कस्बे के बाद बाड़मेर में भी रात को आसमान में बादल नजर आए। लेकिन बरसात की जानकारी नहीं मिली।
आसमान में छाने लगी धुंध
सर्दी के कारण देर रात और अल सुबह धुंध छाई नजर आ रही है। जहां हरियाली और पहाडिय़ां है, वहां धुंध ज्यादा घनी दिखती है।, यह मौसम के सर्द मिजाज होने का संकेत है। हल्की धुंध सूर्योदय के बाद ही खत्म होती है।