बाड़मेर

जिले में बरसात का दौर शुरू, बाड़मेर को इंतजार

बालोतरा सहित अन्य क्षेत्रों में बरसात से सुकून
less than 1 minute read
barmer news
rain in balotara

बाड़मेर. जिले में बरसात का दौर शुरू हो गया है। लेकिन जिला मुख्यालय को अभी तक बारिश का इंतजार बना हुआ है। बालोतरा सहित कई क्षेत्रों में रविवार को बरसात होने से गर्मी से निजात मिली वहीं मौसम सुहाना हो गया।
बाड़मेर शहर में लम्बे समय से बरसात का इंतजार है। रविवार सुबह आसमान में छाए घने बादलों के चलते बरसात की पूरी उम्मीद थी। लेकिन दोपहर तक बादल छंट गए और धूप निकल आई। इसके चलते लोग निराश हुए।
पिछले महीने तीन दिन बरसे थे बादल
जुलाई में बाड़मेर में मेघ मेहरबान नहीं हुए हैं। पिछले माह के आखिर में तीन दिन तक बरसात का सिलसिला चला था। जिससे गर्मी से काफी राहत मिली थी। उसके बाद फिर से गर्मी के तेवर तेज हो गए। पिछले 15 दिनों से बरसात नहीं होने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
गर्जना के साथ बरसात की संभावना
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों में गर्जना के साथ सामान्य बरसात की उम्मीद जताई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में पाली जिले में भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। जिले में अगले 48 घंटों में भारी बरसात हो सकती है।
तापमान कम, आर्द्रता अधिक
जिले में तापमान 40 डिग्री के नीचे आ गया है, लेकिन उमस का असर इतना अधिक है कि पंखे और कूलर की भी हवा बे असर हो गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.3 तथा न्यूनतम 25.9 डिग्री तथा आद्र्रता 70 फीसदी से अधिक रिकार्ड की गई।
किसानों की चिंता बढ़ी
जिले के कई क्षेत्रों में पिछले लम्बे समय से बरसात नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुवाई के बाद एक भी अच्छी बारिश नहीं होने से कृषक परेशान है। उनको चिंता सता रही है कि समय पर बरसात नहीं हुई तो उनको नुकसान उठाना पड़ेगा। महंगे दामों पर बीज का इंतजाम कर बुवाई की थी। अब बरसात का इंतजार है।

Published on:
15 Jul 2018 08:29 pm