
-
समदड़ी. भलरों का बाड़ा -होतरड़ा रेल मार्ग पर अण्डरपास में तीन से चार फ ीट तक बरसाती पानी का भराव होने से बाइक सहित छोटे वाहनों का आवागमन बन्द हो गया है। सिर्फ बड़े वाहन ही इस पानी से पार हो रहे हैं। पानी के अधिक भराव से वाहन भी खराब हो रहे हैं। बाइक सवार पैदल चलकर बाइक को पानी से पार तो कर रहे हैं। पानी में मोटरसाइकिल का आधे से अधिक भाग पानी में डूबने से इनके इंजन खराब हो रहे हैं। पैदल गुजरने वाले राहगीरों को भी इसी पानी के भीतर से गुजरना पड़ रहा है। जो किसी आफ त से कम नहीं है। रविवार शाम को हूई बरसात से पानी की मात्रा और बढ़ गई है।
घूम कर जाना पड़ रहा - भलरों का बाड़ा से होतरड़ा जाने के लिए मोटरसाइकिल सवार वाहन चालकों को पहले भलरों का बाड़ा से भानावास होकर रानीदेशीपुरा जाना पड़ रहा है। उसके बाद उन्हे रानीदेशीपुरा से होकर होतरड़ा पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हे दस से बारह किलोमीटर का गोता लगाना पड़ रहा है।
यहां पर भी पानी का भराव- इस रेल मार्ग पर चारणों का बाड़ा, भानावास, रानीदेशीपुरा मालवियों वाला बेरा के पास बने अण्डरपास भी ऐसी ही समस्या है । सामान्य वर्षा में ही अण्डर पास भरने व कई दिनों तक पानी नहीं सूखने पर आमजन व वाहन चालकोंं को परेशानी उठानी पड़ती है। निस.
आवागमन में परेशानी - भलरों का बाड़ा अण्डरपास में पानी का भराव अधिक है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है । वाहनों में पानी के भराव से नुकसान हो रहा है। रेल प्रशासन पानी निकासी का ठोस प्रबन्ध करें। - मोटाराम, वाहन चालक
समस्या का हो स्थायी हल- रेल अण्डरपास बरसात में पानी से भर जाते हैं। इससे आवागमन में परेशानियां उठानी पड़ती है। हर बरसात में अधिक परेशानियां उठाते हैं। समस्या के स्थायी हल के प्रयास रेलवे करें। - मोतीराम चौधरी, पूर्व सरपंच