Rajasthan Budget: राजस्थान बजट 2026-27 में बाड़मेर को सड़क, पेयजल, ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और विरासत संरक्षण से जुड़ी कई सौगातें मिलीं। मोहनगढ़ लिफ्ट परियोजना, नई सड़कें, लॉजिस्टिक पार्क पहुंच मार्ग, जीएसएस स्थापना व धोरीमन्ना में न्यायालय की घोषणा प्रमुख रही। थार सांस्कृतिक सर्किट से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
Rajasthan Budget 2026: राज्य बजट में इस बार बाड़मेर जिले को बहुआयामी सौगातें मिली हैं। सड़क, पेयजल, ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, न्यायिक ढांचे और सांस्कृतिक विरासत जैसे लगभग हर प्रमुख क्षेत्र में घोषणाएं कर जिले को संतुलित विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
मरुस्थलीय बाड़मेर के लिए पानी जीवन रेखा है। बजट में बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा के 851 गांवों में पेयजल उपलब्धता सुधार के लिए मोहनगढ़ स्थित बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना हेडवर्क्स के सुदृढ़ीकरण के लिए 50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा गर्मी के दौरान पेयजल प्रबंधन के लिए प्रत्येक जिला कलेक्टर को एक करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
साथ ही नर्मदा नहर परियोजना (सांचौर) के तहत जल संचयन एवं भंडारण क्षमता बढ़ाने के अध्ययन और रिजर्वायर विकसित करने के लिए जालौर-बाड़मेर के लिए 2 करोड़ रुपए की डीपीआर घोषणा भी भविष्य की जल सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है।
132 केवी जीएसएस भिंयाड़ (शिव) की स्थापना से विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी। धरमपुरा और बाड़मेर में लॉजिस्टिक पार्क के पहुंच मार्ग विकास के लिए 400 करोड़ रुपए का प्रस्ताव औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने वाला बड़ा कदम है। यह घोषणा बाड़मेर को पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में निर्णायक साबित हो सकती है।
बाड़मेर, रामसर और गुड़ामालानी आईटीआई में विंड प्लांट टेक्निकल ट्रेड शुरू होंगे। सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय सेड़वा में खुलेगा। जीरे की फसल के चार हेक्टेयर विस्तार पर अनुदान से किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा। विंड एनर्जी सेक्टर में कौशल विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। खासकर जब जिले में पवन ऊर्जा परियोजनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट में धोरीमन्ना क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने न्याय, आधारभूत ढांचे, जल संसाधन, कौशल विकास और औद्योगिक क्षेत्र में कई घोषणाएं की हैं, जिनका सीधा लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
धोरीमन्ना में वरिष्ठ सिविल एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय की स्थापना को लेकर की गई है। लंबे समय से क्षेत्र में उच्च स्तरीय न्यायालय की मांग उठ रही थी। नए न्यायालय के शुरू होने से आमजन को न्याय के लिए दूरदराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही मामलों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा। इसे धोरीमन्ना क्षेत्र के लिए बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि माना जा रहा है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अंतर्गत क्षेत्र में सड़क विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। उड़ासर से तहसील मुख्यालय तक करीब 25 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग 20 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इसके साथ ही गुड़ामालानी मुख्यालय पर 5 करोड़ की लागत से डाक बंगले का निर्माण भी कराया जाएगा।
पर्यटन-कला और संस्कृति को लेकर बाड़मेर हाशिए पर है। लेकिन बजट 2026 ने 2047 तक की उम्मीदों में बाड़मेर को भी अब एक सपना दिखाया है। थार सांस्कृतिक सर्किट में जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और जालोर सहित पश्चिमी राजस्थान को शामिल किया है।
बॉर्डर टूरिज्म के जरिए उम्मीदें अब पंख लगा सकती है। 851 गांवों के लिए इंदिरा गांधी लिफ्ट कैनाल का पानी भी बड़ी सौगात होगा। नए जिले बालोतरा के विकास को ज्यादा मिला है और बाड़मेर के शिव, बायतु को कम। कई बड़ी सौगातों के लिए अभी भी इंतजार करना होगा।
बाड़मेर जिले में अब शिव, बाड़मेर,चौहटन और बायतु का आधा हिस्सा बाड़मेर जिले में है। बड़ी सौगात में थार सांस्कृतिक सांस्कृतिक सर्किट अब बाड़मेर को पर्यटन मानचित्र पर लाने की उम्मीद जगाएगा। जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के 851 गांवों में पयेजल परियोजना मोहनगढ़ हेडवर्क्स के सुदृढ़ीकरण का कार्य पानी की समस्या के समाधान में मील का पत्थर बनेगी।
राज्य सरकार द्वारा बुधवार को जारी वित्तीय बजट वर्ष बजट गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के लिए विशेष सौगात लेकर आया। जारी बजट में राज्य मंत्री केके विश्नोई की अनुशंसा पर गुड़ामालानी को विशेष सौगात देते हुए विधानसभा क्षेत्र के धोरीमना में सिविल न्यायालय, धरमपुरा मेहलू ग्राम में औद्योगिक क्षेत्र विकास एवं लाजिस्टिक्स पार्क व सड़कों के लिए 100 करोड़ के विशेष बजट एवं उड़ासर से नोखड़ा तक सड़क के लिए 25 करोड़, मांगता में नवीन पुलिस चौकी, गुड़ामालानी में नवीन डाक बंगला भवन के लिए 5 करोड़ के बजट व आईटीआई में पवन संयंत्र तकनीकी कोर्च शुरू करने की घोषणा करने के साथ-साथ गुड़ामालानी मानसून अवधि में जल संचयन भंडारण एव उपयोग रिजर्वायर विकसित करने हेतु विशेष डीपीआर से लाभान्वित करने की घोषणाएं की गई। बजट में गुड़ामालानी को विशेष सौगात देने पर राज्य मंत्री विश्नोई ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
राज्य की अर्थव्यवस्था को 2025-26 के अंत तक 21.52 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने और प्रति व्यक्ति आय को 2.02 लाख रुपए तक बढ़ाने का अनुमान है। नल के पानी के लिए 6800 करोड़ रुपए का निवेश और सौर पार्कों के लिए 3000 करोड़ रुपए शामिल है। जो बुनियादी ढांचें एवं सतत विकास पर एवं युवा स्वरोजगार पर प्रभाव डालते हैं।
-नवीन कुमार, लेखाकार, जिला स्वास्थ्य समिति, कर सलाहकार
थार पर्यटन सर्किट बहुत बड़ी सौगात है। बॉर्डर टूरिज्म से रोजगार के द्वार खुलेंगे। गुजरात से आने वाला पर्यटक अब जैसलमेर जाने से पहले बाड़मेर में बॉर्डर देखेगा। यह बाड़मेर के गांवों को वाइब्रेंट विलेज बनाने का धरातल होगा। विंड प्लांट टेक्रिक ट्रेड से युवाओं को विंड एनर्जी में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
-मूल सिंह राजपुरोहित, जिला कोषाध्यक्ष भाजपा
साइबर क्राइम पर रोक के लिए राजस्थान का बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। यह 2047 की एक बेहतर सोच है। आम आदमी इसका शिकार हो रहा है। साइबर थाने और पुलिस की भूमिका इससे मजबूत होगी। बजट में होनहार विद्यार्थियों के लिए ई-वाऊचर के जरिए लैपटॉप देना भी बेहतर निर्णय है।
-ललित खत्री, शॉफ्टवेयर इंजीनियर
गुड़ामालानी में वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय खुलना सौगात है। नए जिले बालोतरा में अधिवक्ताओं और फरीकों के लिए यह सुविधाजनक होगा। त्वरित और सुगम न्याय के लिए यह फैसला बेहतर है।
-सुरेश पूनड़, अधिवक्ता
अर्थव्यवस्था को लेकर 2047 तक का टारगेट लेना और देश के लक्ष्य के अनुरूप ही राज्य का बजट पेश किया गया है। राज्य का बजट संतुलित है। बाड़मेर जिले के लिए सड़कें, ऊर्जा के क्षेत्र में नए जीएसएस और पशुधन विकास के लिए हुई घोषणाएं बेहतर है।
-दिनेश कुमार, कांट्रेक्टर
युवा नौकरी देने वाले होंगे, इस सोच से युवाओं को रोजगार के लिए अनुदान दिया जाएगा। साथ ही स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार का सृजन होगा। बजट में युवाओं को अवसर देने का प्रयास हुआ है।
-डॉ. गुरदीप चारण