
गिड़ा. खोखसर पूर्व के राप्रावि चुतरानाडा में दर्जनों बच्चों का भविष्य एकमात्र अस्थाई पैराटीचर के भरोसे है। इस विद्यालय में 62 बच्चों का नामांकन है, जबकि 5 कक्षाएं चल रही हैं। अकेले शिक्षक के भरोसे पढ़ाई के अलावा डाक बनाना, पोषाहार जैसी अन्य जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ती है।
इसको लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार शिक्षा विभाग से शिक्षक लगाने की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। विद्यालय पर न तो अधिकारी ध्यान दे रहे हैं, न कोई जनप्रतिनिधि। लोगों ने मांग की है कि स्टॉफ की कमी जल्द पूरी की जाए। ऐसा नहीं होने पर अब विद्यालय की ताला बंदी करके आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीण गनी खान, दाऊद खान, कालू खान, अलादीन खान, नसिर खान, शकुर खान आदि ने जल्द शिक्षक लगाने की मांग रखी।
जन सहयोग से लगा एक शिक्षक
यहां ग्रामीणों ने अपने स्तर जन सहयोग से एक शिक्षक लगाया है। इसके अलावा विद्यालय की चारदीवारी भी नहीं है। दिनभर मवेशियों का विद्यालय में आना-जाना रहता है।
मर्ज विद्यालय फिर हुआ शुरू
सिणधरी. उपखंड क्षेत्र के खरंटिया ग्राम पंचायत स्थित राप्रावि गोदारों का सरा कम नामांकन के चलते अन्य विद्यालय में मर्ज हो गया था। तीन किलोमीटर की परिधि में अन्य कोई विद्यालय नहीं होने से यहां के बच्चों को शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इसको लेकर विधायक कैलाश चौधरी से इसकी बात की। उन्होंने शिक्षा मंत्री को अवगत करवाते हुए बंद विद्यालय को वापस शुरू करवाया। यहां पहले दिन 28 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया। अध्यापन के लिए इस विद्यालय में ग्राम पंचायत सहायक खियाराम को नियुक्त किया गया। इस पर चेनाराम गोदारा, गोमाराम, वीरमाराम, पूराराम, लूणाराम ने आभार जताया।
आहरण-वितरण अधिकारियों की बैठक
शिव ञ्च पत्रिका . स्थानीय पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के आहरण वितरण अधिकारियों की बैठक तहसीलदार की अध्यक्षता में हुई। तहसीलदार शैतानसिंह राजपुरोहित ने जीएसटी के नियमों की जानकारी दी।