- आग लगने के एक घंटे बाद ही पहुंच पाती है दमकल - उपखंड स्तर पर अग्निशमन सेवा का अभाव
सिवाना. विधानसभा क्षेत्र सिवाना में दमकल का अभाव क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लिए परेशानी बना हुआ है। क्षेत्र में आग लगने की घटित घटना पर बालोतरा से दमकल बुलानी पड़ती है। जब तक दमकल पहुंचती है, तब तक सब कुछ जल कर राख हो जाता है। लोग कई बार सरकार, प्रशासन से दमकल सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक सिवाय आश्वासन के कुछ भी नहीं मिल पाया है।
समदड़ी, पादरू, मोकलसर, सिवाना कस्बों के साथ सैकड़ों गांवों को लम्बे समय से एक दमकल का इंतजार है। क्योंकि क्षेत्र में हर साल आग लगने की कई घटनाएं होती हैं। एेसी स्थिति में लोग सबसे पहले सिवाना उपखण्ड कार्यालय, पुलिस थाने आदि में फोन करते हैं तो वे यहां दमकल नहीं होने की जानकारी देते हुए बालोतरा से दमकल मंगवाते हैं। बालोतरा से घटना स्थल तक दमकल पहुंचने में इतना वक्त लग जाता है कि लोग समय पर राहत को तरस जाते हैं।
बर्बादी के बाद पहुंचती राहत - सिवाना व क्षेत्र में आग लगने पर बालोतरा से अग्निशमन मंगवाई जाती है। बालोतरा से सिवाना,समदड़ी की दूरी 35 किमी व अन्य कस्बों की दूरी इससे कहीं अधिक होने पर घटना की जानकारी के एक-डेढ़ घंटे बाद दमकल पहुंचती है। इसके पहुंचने से पूर्व सब कुछ जलकर राख हो जाता है। बीते छह माह में क्षेत्र में एक दर्जन घटनाएं हो चुकी हंै।
सहायता राशि में भी देरी- आग लगने के बाद आसमां तले आने वाले परिवारों की पीड़ा यहीं तक खत्म नहीं होती। इसके बाद मौका मुआयना, पटवारी रिपोर्ट सहित कई कागजी कार्यवाही होती है। जब तक पीडि़त को सहायता राशि मिलती है, तब तक कई माह हो चुके होते हैं। सहायता राशि भी नाममात्र की होती है।
सुविधा उपलब्ध करवाएं-
उपखंड मुख्यालय पर सरकार दमकल सुविधा उपलब्ध करवाए। इससे आग लगने पर तुरंत सुविधा मिलने से लोगों को फायदा मिलेगा। इसके अभाव में कई परिवार आसमान के नीचे आ जाते हैं। - निम्बाराम देवासी, पंऊ
तत्काल सहायता दी जाए- सरकार आग लगने के बाद पीडि़त परिवारों को तत्काल सहायता नहीं देती है। कई माह बाद नाममात्र सहायता राशि देती है। सरकार राशि में बढ़ोतरी करें तथा शीघ्र दें। -छगनलाल बोस देवड़ा