बाड़मेर

जिले की सबसे बड़ी तहसील में तहसीलदार का पद रिक्त

https://www.patrika.com/barmer-news/
2 min read
Mar 05, 2019
Tehsildar's post vacant in biggest tehsil of district
Tehsildar's post vacant in biggest tehsil of district

5 माह से परेशानी: राजस्व संबंधी कार्यों को लेकर ग्रामीण लगा रहे चक्कर
जिले की सबसे बड़ी तहसील में तहसीलदार का पद रिक्त
बालोतरा ञ्च पत्रिका. तहसील पचपदरा में पांच माह से तहसीलदार का पद रिक्त होने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी काम को लेकर परेशानी उठानी पड़ रही है। कार्यवाहक नायब तहसीलदार के पास तहसील व नायब तहसील के दो कार्यालयों का कार्यभार होने पर कामकाज भी प्रभावित होता है। लोकसभा चुनाव को लेकर शीघ्र आचार संहिता लगने की संभावना को लेकर लंबे समय से परेशान लोग तहसीलदार के पदभार ग्रहण नहीं करने से चिंतित है।
प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व तहसील पचपदरा में तहसीलदार का पद रिक्त चल रहा है। अक्टूबर से नायब तहसीलदार पचपदरा, कार्यवाहक तहसीलदार के रूप में कामकाज देख रहे हैं। एक अधिकारी के जिम्मे दो विभागों का कामकाज व तहसील क्षेत्र में बड़ी संख्या में पटवारियों के रिक्त पद पर राजस्व संबंधित विभागीय कार्य समय पर नहीं होने से हर दिन ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है।
फिर खटाई में नहीं पड़ जाए मामला
प्रदेश सरकार ने तहसील पचपदरा में तहसीलदार के रिक्त पर पर 26 फरवरी को नियुक्ति के आदेश किए थे। इस पर परेशान ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद संजोई थी, लेकिन आदेश के एक सप्ताह बाद भी उन्होंने पदभार ग्रहण नहीं किया है। लोकसभा चुनाव को लेकर किसी भी समय आचार संहिता लग सकती है। इस पर तहसीलदार के पदभार ग्रहण नहीं करने को लेकर ग्रामीण परेशान व चिंतित है कि देरी पर मामला कहीं खटाई में नहीं पड़ जाए।
जिले का सबसे बड़ा तहसील क्षेत्र
तहसील पचपदरा राजस्व की दृष्टि से जिले का सबसे बड़ा क्षेत्र हैं। इसमें 61 पटवार मण्डल है। भूमि बेचान, भूमि बंटवारा, हर्क तर्क करवाने, राजस्व संबंधी अन्य कार्य, मुख्यमंत्री सहायता कोष, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व वसूली, विवादित भूमि की जांच करने आदि कई कार्य तहसीलदार के क्षेत्राधिकार में होते हैं। इस पर एक अधिकारी के पास दो विभागों का कार्य भार होने व काम को लेकर इनके नहीं मिलने पर हर दिन ग्रामीण परेशानी उठाते हैं।

Published on:
05 Mar 2019 09:52 am