बाड़मेर

तूफान से विद्युत तंत्र धराशायी, 165 गांवों की बिजली गुल

जिले में 151 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त-डिस्कॉम को छह लाख से अधिक का नुकसान-आपूर्ति सुचारू करने में जुटी टीमें

less than 1 minute read
तूफान से विद्युत तंत्र धराशायी, 165 गांवों की बिजली गुल

बाड़मेर. जिले में बुधवार को आए तूफान और बारिश से कई क्षेत्रों में विद्युत तंत्र बुरी तरह से धराशाही हो गया। सैकड़ों पोल गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई, जो गुरुवार शाम तक पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई। हालांकि टीमें लगातार काम में जुटी हुई है।
विभिन्न क्षेत्रों में आए तूफान व बारिश से डिस्कॉम को करीब 6.06 लाख रुपए नुकसान हुआ। करीब 151 विद्युत पोल गिर गए जबकि एक 33 केवी का टॉवर व दो ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण जिले के 165 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।
अधीक्षण अभियंता अजय माथुर ने बताया कि खण्ड शहर द्वितीय बाड़मेर, बाड़मेर ग्रामीण, बायतु, गिड़ा, पचपदरा, चौहटन में बिजली के तार, पोल टूट गए। इसमें 33 व 11 केवी के 72 पोल, एलटी लाइन के 80 पोल टूट गए एवं दो ट्रांसफार्मर भी गिर गए। तेज हवा व बारिश के कारण 33/11 केवी क्षमता के 7 जीएसएस बंद हो गए, जिसे पुन: चालू कर दिया गया। वहीं 33 केवी के 4 एवं 11 केवी के 55 फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। जिससे जिले के करीब 165 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। गुरुवार शाम तक 165 में से 69 गांवों की विद्युत आपूर्ति को सुचारू कर दी गई। अन्य में टीमें जुटी है।
जिले में पिछले 15 दिनों में आंधी-बारिश के कारण डिस्कॉम के 21.40 लाख रुपए के विद्युत तंत्र का नुकसान पहुंचा हैं।

Published on:
27 May 2021 09:21 pm
Also Read
View All