
भवड़ेश्वर महादेव मंदिर में 313 फीट की खुदाई पर आया पानी
ट्यूबवैल से बिना मोटर आया पानी, ग्रामीणों में कौतूहल
सिवाना . ग्राम पंचायत सिणेर की पहाडिय़ों में स्थित भवड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में खुदवाए ट्यूबवैल से बगैर पम्प मोटर के पानी बाहर निकल रहा है।
इस पर क्षेत्र में कौतूहल बना हुआ है। मंदिर महंत रतनभारती महाराज ने शनिवार को मन्दिर पेयजल की समस्या को लेकर डीटीएस मशीन से ट्यूबवैल खुदवाया था। लगभग 313 फीट गहराई तक ट्यूबवैल खुदाई होने पर अपने आप पानी निकलना शुरू हो गया। जो रविवार तक निकलता रहा। इतनी अधिक गहराई से बगैर विद्युत मोटर पम्प के पानी बाहर आने पर कस्बे व क्षेत्र के लोगों में कौतूहल है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।
रमणीय व दर्शनीय स्थल है भवड़ेश्वर महादेव मंदिर : भवड़ेश्वर महादेव मंदिर रमणीय स्थल है। मान्यता अनुसार यहां जीका मालन नाम का बरसाती सरोवर है। बारिश में इसके ओवर फ्लो होने पर 50 फीट ऊंचाई से झरना बहता है। झरने में नहाने व मनोरंजन के लिए आस-पास से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। समीप में बाबा भोलेनाथ मंदिर है। दन्त कथा के अनुसार कई साल पूर्व गर्मी के मौसम में इन पहाडिय़ों से दो भाई-बहन पैदल गुजर रहे थे। जीका नाम के भाई ने अपनी बहन मालन को प्यास लगने पर अपनी तलवार से पहाड़ी पर वार कर पानी निकाला था। जो आज भी पहाड़ी पर लघु झील के रूप में विद्यमान है। इसमें हमेशा पानी रहता है। लेकिन मन्दिर की तलहटी में दूर-दूर तक पानी की कमी है। इस पर मंदिर महंत रतन भारती महाराज ने शनिवार ने टयूबवैल खुदवाया तो बगैर विद्युत मोटर ही पानी बाहर निकला।
ये भी पढे...
ढाणी में आग से घरेलू सामान राख
धोरीमन्ना . उपखंड क्षेत्र के भीलों की ढाणी, उड़ासर में रविवार को एक ढाणी में आग लग गई। इससे झोंपों में रखा सामान जल कर राख हो गया। जानकारी के अनुसार नवलाराम पुत्र गिरधारीलाल भील की ढाणी में आग से उसमें रखा अनाज, जीरा, बिस्तर सहित अन्य सामान जल गया। सूचना पर उड़ासर पटवारी केसराराम सारण व सरपंच रामचंद्र चौधरी ने यहां पहुंच मौका मुआयना किया।