
बाड़मेर. शहर में आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इसमें एक कंपाउंडर ने फंदा लगा लिया, वहीं युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दूसरी तरफ निकटवर्ती कगाउ गांव में घर के बाहर खेल रही मासूम को वाहन ने चपेट में लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
निकटवर्ती कगाउ गांव में घर के आगे खेल रही मासूम की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। शव को राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर परिजन को सुपुर्द किया।
पुलिस के अनुसार तीन साल की मासूम नव्या पुत्री मुकेश कुमार सोनी घर के आगे खेल रही थी। इस दौरान अज्ञात वाहन ने मासूम को टक्कर मार दी।
उसे राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन को भगा ले गया।
ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
ग्रामीण थानांर्तगत उत्तरलाई रोड स्थित बीएड कॉलेज के पीछे ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने ईहलीला समाप्त कर ली। पुलिस के अनुसार विरधाराम (30) पुत्र दुर्गाराम जाट निवासी महाबार हाल निवासी शास्त्री नगर ने गुरुवार दोपहर को बाड़मेर से जोधपुर के बीच चलने वाली साधारण गाड़ी के आगे कूदकर ईहलीला समाप्त कर ली। पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।
कम्पाउंडर फंदे से झूला
शहर के सदर थाने के पीछे जाट कॉलोनी में कम्पाउंडर ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार पन्नाराम पुत्र तुलसाराम जाट निवासी नेतराड़ चौहटन हाल निवासी जाट कॉलोनी ने फंदा लगाकर ईहलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ।