बाड़मेर

फील्ड फायरिंग रेंज में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, फैली सनसनी

फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बकरियां चराने गए चरवाहों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जबकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और जांच के बाद होगा।
2 min read
jaisalmer crime news
सिंबोलिक फोटो

रामदेवरा थाना क्षेत्र के समीप फील्ड फायरिंग रेंज में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बकरी चराने गए चरवाहों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामदेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार रामदेवरा गांव के समीप फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में कुछ चरवाहे बकरियां चरा रहे थे। इस दौरान उनकी नजर एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में फैलते ही ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर रामदेवरा थाने से पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू की गई। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। वहीं उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी अभी साफ नहीं है। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फील्ड गोलीबारी रेंज क्षेत्र होने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के इलाके की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव को पोकरण स्थित अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर पुलिसकर्मियों

जैसलमेर. पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा 16 व 17 सितंबर को जोधपुर रेंज का दो दिवसीय भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे जैसलमेर सहित सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर पुलिसकर्मियों और सीमा प्रहरियों से संवाद करेंगे। वे सीमावर्ती ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए आयोजित सीमा संवाद एवं जनसुनवाई कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शर्मा बुधवार को सुबह 10:30 बजे थाना नोख, फलौदी पहुंचेंगे। यहां वे पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। दोपहर 12:15 बजे ग्राम जालुवाला में सीमा संवाद एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे बोर्डर आउट पोस्ट पहुंचकर सीमा प्रहरियों से संवाद एवं बॉर्डर विजिट करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 3:30 बजे भारेवाला, थाना नाचना, जैसलमेर में ग्रामीणों से रूबरू होंगे। शाम 6:30 बजे ग्राम रणाउ, थाना तनोट में सीमा संवाद में भाग लेंगे और शाम 7:45 बजे सीमा प्रहरियों के साथ संवाद व बॉर्डर विजिट कर रात्रि विश्राम तनोट में करेंगे। गुरुवार को सुबह 6 बजे तनोटराय माता मंदिर दर्शन के बाद सुबह 9:30 बजे थाना सांगड, जैसलमेर का विजिट करेंगे। दोपहर 12:15 बजे थाना सिणधरी, बालोतरा पहुंचकर पुलिस अधीक्षक बाड़मेर एवं बालोतरा के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा करेंगे। दोपहर 3 बजे जालोर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिले की समीक्षा करेंगे। इस दौरान पाली एवं सिरोही के पुलिस अधीक्षक अपने जिलों की अपराध स्थिति की जानकारी देंगे। शर्मा का रात्रि विश्राम पाली में रहेगा।

Updated on:
16 Sept 2026 08:25 pm
Published on:
16 Sept 2026 08:25 pm