राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव परिणामों के बीच बालोतरा जिले की सिवाना पंचायत समिति से एक बेहद चौंकाने वाला और दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया है। लगातार 14 चुनाव हारने वाले राजस्थान के चर्चित 'रियल लाइफ पोपटलाल' यानी पोपटलाल सरगरा को अपने 15वें चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा है। दिलचस्प बात यह रही कि आधिकारिक चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही सोशल मीडिया पर पोपटलाल के 11 वोटों से जीतने की खबर तेजी से वायरल हो गई थी और कई मीडिया चैनलों ने भी इसे ब्रेकिंग न्यूज़ के रूप में चला दिया था। लेकिन जब निर्वाचन विभाग द्वारा आधिकारिक नतीजों की घोषणा की गई, तो वह खबर महज एक अफवाह निकली। सिवाना पंचायत समिति के वार्ड नंबर 9 से कांग्रेस प्रत्याशी रेखा देवी ने जीत दर्ज की है, जबकि हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पोपटलाल सरगरा 15वीं बार भी चुनावी वैतरणी पार करने से चूक गए।