बाड़मेर

भाव में फलों से आगे निकली तरकारी

- गर्मी की दस्तक के साथ बढ़े भावों से बिगड़ा रसोई का जायका
2 min read
Vegetable prices increased due to change in weather
Vegetable prices increased due to change in weather

शिव. मौसम में बदलाव के चलते सब्जियों के भाव बढ़ गए हैं। कई सब्जियों के भाव फलों से भी ज्यादा हो गए हैं। इससे रसोई का जायका व बजट गड़बड़ाने लगा है। कई सब्जियों के भाव में अचानक प्रति किलो 15 से 20 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

खास बात यह है कि इस समय लोग फल तो आसानी से खरीद सकते हैं, लेकिन सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया है। बाजार में भिंडी, तोरई, करेला, ग्वारफली, शिमला मिर्च, केरी-गूंदा 80 से 100 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव से बिक रहा है। वहीं फूलगोभी, पत्तागोभी, हरा प्याज, बैंगन, कद्दू, पालक, चंदलिया ककड़ी के भाव 40 से 60 रुपए प्रति किलो हैं।

लोकी व टमाटर भी 40 से 50 रुपए के भाव से बिक रहे हैं। हरा धनिया तो डेढ़ सौ से 200 रुपयों में भी नहीं मिल रहा। जबकि पपीता 30, संतरा 40, केला 30, अंगूर 60, आम 70, अनार 60, सेव 100-120 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रहे हैं। सब्जी विके्रताओं का कहना है कि गर्मी का दौर प्रारंभ होते ही भाव में एकाएक बढ़ोतरी हुई है।

महंगा हो गया नींबू

गर्मी के मौसम में घरों में प्रमुखता से उपयोग में लिए जाने वाले नींबू के दाम 120- 130 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इसके भावों ने कई फलों को भी पीछे छोड़ दिया है। सब्जी विक्रेता बताते हैं कि भाव बढऩे से ग्राहक एक या दो नींबू ही मांग रहे हैं।

इधर सूखी सब्जियां भी महंगी

मारवाड़ी मेंवों के भाव इन दिनों आसमान छूने लगे हैं। थार के रेगिस्तान की उपज कैर, सांगरी व कुमटिया की जबरदस्त मांग के बावजूद ठीक से मार्केटिंग नहीं होने हो रही।

ऐसे में किसानों को उचित दाम नहीं मिल पाता। सूखी सांगरी 400 से 500 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिकती है। वहीं किसानों को इसका सही मोल नहीं मिल पाता। इसी तरह कैर भी 500 से 1000 रुपए से बिक रहे हैं।

Published on:
09 May 2019 01:48 pm