बाड़मेर

रेलवे पटरी पर आत्महत्या करने पहुंची महिला को थानाधिकारी की टीम ने बचाया, पति गिरफ्तार

पोकरण। घरेलू विवाद से परेशान होकर रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला की पुलिस ने समय रहते जान बचा ली। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश देकर सुरक्षित घर पहुंचाया। महिला के बयान पर पुलिस ने पति को परेशान करने और झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
2 min read
cime sceen photo
simbolic photo

पोकरण. कस्बे में घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास कर रही एक महिला की पुलिस ने जान बचाई। थानाधिकारी मनीष सोनी ने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे जैसलमेर कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक महिला अपने पति से परेशान होकर रेलवे पटरी पर गई है। इस पर तत्काल हेड कांस्टेबल रूपाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रेक पर बैठी कस्बे के एसबीआइ बैंक के पीछे स्थित भील बस्ती निवासी महिला को समझाइश कर घर वापस पहुंचाया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह पति से काफी परेशान थी और यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो वह निश्चय ही आत्महत्या कर लेती। पुलिस ने उसके पति को महिला को परेशान करने और झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया।


रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से टकराईं गायें, एक की मौत, एक घायल

लाठी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पशुओं के पहुंचने से हादसे बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार देर शाम धोलिया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक ट्रेन की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम धोलिया गांव के पास गायों का एक झुंड रेलवे ट्रैक के किनारे विचरण कर रहा था। इस दौरान गायें अचानक ट्रैक पर आ गईं। ट्रेन के आने की आवाज सुनकर वे घबराकर इधर-उधर भागने लगीं। इस दौरान दो गायें ट्रेन से टकरा गईं। इस दुर्घटना में एक गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से चोटिल हो गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे रेलवे कार्मिकों ने स्थानीय ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही शिक्षक चंपालाल विश्नोई सहित आसपास के ग्रामीण और गोरक्षक मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मृत गाय को रेलवे ट्रैक से हटाकर रेल यातायात को सुचारु रखने में सहयोग किया। गंभीर रूप से घायल गाय को भादरिया गो शाला पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के आसपास पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।


खेतोलाई में सड़क पर गोवंश से टकराई कैम्पर, बैल घायल

लाठी क्षेत्र में सड़क पर घूम रहे गोवंश के कारण सड़क हादसे लगातार हो रहे हैं। बुधवार देर रात खेतोलाई गांव के पास ऐसा ही एक हादसा हुआ, जब सड़क पार कर रहे गोवंश में से एक बैल से कैम्पर वाहन की टक्कर हो गई। घटना में बैल घायल हो गया, जबकि कैम्पर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे वह पलटने से बच गया और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं। जानकारी के अनुसार कैम्पर जैसलमेर से पोकरण की ओर जा रही थी। खेतोलाई गांव के पास पहुंचने पर कुछ गोवंश सड़क पार कर रहे थे। तभी एक बैल अचानक वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद बैल सड़क से दूर जा गिरा और चोटिल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर कामधेनु सेना के खेतोलाई ग्राम प्रभारी नीम्बाराम विश्नोई, कस्तूरराम और भादरिया गौशाला से गोपालसिंह भाटी, दिनेश सिंह देवड़ा सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कैम्पर में सवार लोगों की मदद कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद गोशाला के गोरक्षकों ने घायल बैल को भादरिया गौशाला पहुंचाया, जहां उसका उपचार और देखरेख की जा रही है।

Updated on:
24 Sept 2026 08:49 pm
Published on:
24 Sept 2026 08:49 pm