बस्सी

कई गांवों में पानी से लबालब हुए खेत, मारखी गांव में एनीकट पर तीन फीट की चादर चली

Jaipur Rural Bassi-Kotputli-Shahpura Patrika
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2018, 10:48 PM IST
rain-in-shapura-jaipur
ग्राम मारखी में पानी से भरा एनीकट

शाहपुरा (जयपुर)। शाहपुरा क्षेत्र के राडावास, धवली, गुलाबबाड़ी, नयाबास, शिवसिंहपुरा समेत आसपास की कई गांवों में बुधवार दोपहर को झमाझम बारिश हुई। करीब आधा घंटा हुई बारिश से खेत पानी से लबालब हो गए। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। इधर, क्षेत्र के मारखी गांव में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना के तहत इसी वर्ष निर्माण किया गया एनीकट एक दिन पहले हुई पहली ही बारिश में पानी से लबालब भर गया। एनीकट भरने के बाद चादर भी चली। इससे गांव के लोगों में खुशी दिखाई दी। ग्रामीणों ने बताया कि एनीकट भरने से किसानों को लाभ होगा।

निर्माण के बाद पहली बारिश में चली चादर
सिंचाई विभाग के एईएन यशवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना के तृतीय चरण में इसी वर्ष मारखी गांव में एनीकट का निर्माण कराया गया था। एनीकट का निर्माण कार्य 14 जून को ही पूरा हुआ है। इसके बाद क्षेत्र में सोमवार रात को हुई पहली जोरदार बारिश से एनीकट पूरा भर गया और करीब तीन फीट की चादर भी चली। एईएन ने बताया कि एनीकट की भराव क्षमता दो मीटर है। एनीकट के भरने से क्षेत्र का जलस्तर बढेगा। जिससे आसपास के किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

खेत हुए भी पानी से लबालब
इधर, शाहपुरा तहसील के ग्राम राडावास, धवली, गुलाबबाड़ी, नयाबास, शिवसिंहपुरा समेत आसपास के कई गांवों में बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे जोरदार बारिश हुई। बारिश करीब आधा घंटे तक हुई। बारिश से क्षेत्र में खेत पानी से लबालब भर गए। कई जगह आम रास्तों में भी पानी भर गया। जिससे अवागमन में परेशानी हुई।

ठीक कराते बोरिंग खराब, छापुड़ा में जलसंकट बरकरार
शाहपुरा.
विराटनगर पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत छापुड़ा खुर्द में बाशिन्दों की पेयजल समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। राजस्थान पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायत प्रशासन की ओर से खराब बोरिंग को ठीक करा दिया, लेकिन दूसरे ही दिन बोरिंग खराब हो गया। इससे बाशिन्दे बारिश के मौसम में भी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। बोरिंग खराब होने से ग्रामीणों को मजबूरन एक किमी दूर स्थित दूसरे गांव से पेयजल लाना पड़ता है। घनश्याम शर्मा ने बताया कि गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए दो बोरिंग लगे हुए हैं। दोनों बोरिंग करीब 20 दिन से खराब हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका। इसके बावजूद स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा। इधर, ग्राम पंचायत सचिव दिलीप कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले बोरिंग सुधरवाया था, लेकिन वापस खराब हो गया। अब फिर से ठीक करवाकर जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी।

Published on: