बस्सी

चलने में असक्षम युवक को रामलीला मंच पर लिटाकर ग्रामीणों का धरना

वक्ताओं ने पुलिस को कोसा
2 min read
• •
Updated: 10 Jul 2020, 11:41 PM IST
चलने में असक्षम युवक को रामलीला मंच पर लिटाकर ग्रामीणों का धरना
चलने में असक्षम युवक को रामलीला मंच पर लिटाकर ग्रामीणों का धरना

कोटपूतली. प्रागपुरा थाना क्षेत्र स्थित दांतिल में करीब 3 माह पहले युवकों से मारपीट मामले में शुक्रवार को न्याय की गुहार को लेकर एक पिता अपने घायल बेटे और ग्रामीणों के साथ तहसील परिसर स्थित रामलीला मंच पर धरने पर बैठ गया। घायल कृष्ण अभी चलने फिरने में असक्षम है और उसका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने एसपी के सक्षम पुलिस अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के 3 माह बीत जाने के बाद भी आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीडि़त परिवार ने उचित मुआवजे तथा आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

कुम्हार महासभा प्रदेश अध्यक्ष किशोर दुल्हेपुरा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीडि़त पक्ष निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग के चक्कर लगा रहा है। पूर्व में भी अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई है। सामाजिक कार्यकर्ता टिंकू प्रजापत ने भी विचार व्यक्त किए।

यह है मामला

प्रागपुरा थाने में दर्ज पुलिस एफआईआर के अनुसार 12 अप्रैल को महेश प्रजापत पुत्र मदनलाल और कृष्ण पुत्र मालाराम कुम्हार निवासी दांतिल, सुंदरपुरा रोड़ से दांतिल की तरफ पैदल आ रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने दांतिल पुलिस चौकी के पीछे दोनों को टक्कर मार दी। बीडीएम में चिकित्सकों ने महेश को मृत घोषित कर दिया और कृष्ण को गंभीर अवस्था में जयपुर रैफर कर दिया। वहीं परिजनों को आरोप है कि होश आने पर कृष्ण ने बताया कि हादसा पुलिस एफआईआर में दर्ज स्थान पर हुआ ही नहीं, आरोपियों ने घटना को अपने ही खेत में अजांम दिया था और उसके बाद उन्हें सड़क पर लाकर पटक दिया, ताकि इसे दुर्घटना के रूप में दिखाया जा सके।


इनका कहना है

पीडि़त पक्ष की समझाइश के प्रयास किए गए हैं, फिर भी परिजन संतुष्ट नहीं है तो जिले के किसी भी सक्षम अधिकारी का नाम बता दें। उनसे जांच करवा ली जाएगी।

रामकुमार कस्वां, एएसपी, कोटपूतली

Published on: