
शाहपुरा. थानान्तर्गत ट्रक मालिकों व पुलिस के लिए सिरदर्द बनी ट्रकों से डीजल चुराने वाली गैंग पुलिस की कोशिश के बावजूद रविवार अलसुबह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गई। हालांकि पुलिस टीम ने करीब 16 किमी तक डीजल चोर गैंग का पीछाकर डीजल के जरीकेनों से भरा ट्रक जब्त कर लिया, लेकिन पुलिस को देख आरोपी अंधेरे के चलते ट्रक को निठारा मोड़ के पास खड़ा कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक एवं उसमें रखे चोरी के डीजल से भरे 37 जरीकेन, पाइप व अन्य सामान जब्त को जब्त कर लिया। इधर, सुबह ट्रकों से डीजल चोरी का पता चलते ही पीडि़त ट्रक मालिकों का पुलिस थाने में आना शुरू हो गया। करीब आधा दर्जन पीडि़तों ने पुलिस को ट्रकों से डीजल चोरी करने की रिपोर्ट दी। जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आधा दर्जन ट्रकों से चोरी
चोरों ने देवन तिराहे से लेकर राजपुरा तक हाईवे किनारे खड़े आधा दर्जन ट्रकों से डीजल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। थाने पहुंचे कांट निवासी प्रकाश जाट व रामसहाय जाट ने बताया कि उनके ट्रक-ट्रेलर देवन मोड़ के पास खड़े थे। चोर एक ट्रेलर की टंकी से 200 लीटर और दूसरे से 350 लीटर डीजल चुरा ले गए। इसी प्रकार कैलाश चंद स्वामी के दो ट्रेलर से 400 लीटर डीजल चोरी हो गया। लेटकाबास निवासी बाबूलाल जाट के ट्रेलर से 300 लीटर और इसी के पास खड़े राजेन्द्र जाट के ट्रेलर से चोर 350 लीटर डीजल चुराकर ले गए।
ट्रक में रखे 37 जरीकेन, पाइप व अन्य सामान जब्त
पुलिस ट्रक को जब्त कर थाने ले आई। ट्रक में 37 जरीकेन रखे थे, जिनमें डीजल भरा हुआ था। ट्रक में डीजल निकालने के पाइप, व अन्य सामान भी मिला, जिसे जब्त किया है।
केले के पत्तों के नीचे छुपा रखे थे जरीकेन
पुलिस ने बताया कि चोरों ने किसी को शक नहीं हो, इसलिए चोरी किए डीजल से भरे जरीकेनों को ट्रक में रखकर ऊपर केले के हरे पत्ते डाल रखे थे। केले के पत्तों के नीचे जरीकेन छिपे होने से बाहर से दिखाई नहीं दिए।
शाहपुरा से मनोहरपुर तक किया पीछा
चोरी की सूचना लोगों ने पुलिस को दी तो दो टीमों ने बताए गए ट्रक नंबर के आधार पर देवन तिराहे से ट्रक का पीछा किया। उन्होंने ट्रक का मनोहरपुर तक पीछा किया तो चोरों ने घबराकर ट्रक को टोल से वापस शाहपुरा की तरफ घुमा लिया। इसके बाद भी पुलिस को पीछा करते देख कर चालक ट्रक को तेज गति से भगाने लगा और शाहपुरा में निठारा मोड़ के पास पहाड़ी की तरफ ले जा कर ट्रक को छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने पहाड़ी के आसपास तलाश भी किया, लेकिन चोर नहीं मिले।
पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी
मनोहरपुर. थाने में वाहन मालिक ने गठवाड़ी पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी होने का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार ने बताया कि कांट निवासी रामस्वरूप जाट ने मामला दर्ज कराया है कि रात को उसने ट्रक को गठवाड़ी स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर वहीं खड़ा कर दिया था। सुबह देखा तो गाड़ी में भरा हुआ 350 लीटर गायब था। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें साफ दिखाई नहीं दे रहा।