बस्सी

एक कार्यालय ऐसा जहां बैठने के लिए कुर्सियां व पेयजल व्यवस्था नहीं है, साथ ही शौचालय के हालात ऐसे कि लोग ओने-कोने तलाशते है

बस्सी के ग्राम खिजूरिया का मामला
2 min read
• •
Updated: 9 Apr 2018, 11:06 AM IST
IT center needs facilities in Khizuria bassi jaipur

खिजूरिया (बस्सी)। सरकार ने ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को एक छत के नीचे विभिन्न सरकारी सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से अटल सेवा केन्द्रों का निर्माण करवाया, लेकिन बस्सी उपखण्ड के ग्राम खिजूरिया के आईटी केन्द्र में हालात अनुकूल नहीं है। मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से आने वाले ग्रामीणों को परेशानी से दो-चार होना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खिजूरिया के अटल सेवा केन्द्र में पर्याप्त सुविधाएं नहीं है। यहां बैठने के लिए कुर्सियां है ना ही पेयजल की व्यवस्था है। साथ ही शौचालय एवं मूत्रालय की स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में लोगों को ओने-कोने तलाशने पड़ते हैं। केन्द्र पर सचिव, ई-मित्र संचालक व सफाई कार्मिक के भरोसे चल रहा है। लोगों ने बताया केन्द्र को खुले 5 साल हो गए हैं, लेकिन महज नाममात्र का केन्द्र साबित हो रहा है। यहां पर कार्यरत कार्मिकों एवं जनप्रतिनिधि के पास दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए ग्रामीणों को चक्कर काटने पड़ते हैं।

धूल फांक रही फाइलें
केन्द्र के कमरों की समय पर समुचित सफाई नहीं होने से फाइलों पर धूल जमी है। साथ ही कार्यरत कार्मिकों की लापरवाही के चलते फाइलों का रख-रखाव सही तरीके से नहीं करने के कारण फाइलें अव्यवस्थित ढंग से पड़ी रहती है।

अधिकतर रहता बंद
ग्राम के अटल सेवा केन्द्र पर अधिकतर ताले लटके मिलते हैं। ऐसे में यहां पर काम कराने के लिए आने वाले ग्रामीण केन्द्र को बंद देखकर निराश लौट जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने अटल सेवा केन्द्र खोल दिया, लेकिन यहां पर कार्यरत कार्मिक अपने कर्तव्य एवं दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं।

शुद्ध पेयजल की नहीं व्यवस्था
केन्द्र में लगे एक हैंडपम्प में पानी तो है, लेकिन वह पीने योग्य नहीं है। पंचायत प्रशासन ने यहां पर एक बोरिंग करवाया, लेकिन उसमें भी फ्लोराइड युक्त पानी आता है, लेकिन मजबूरी में ग्रामीणों व कार्मिकों को वहीं पानी पीना पड़ता है।

इन गांवों का जुड़ाव
अटल सेवा केन्द्र के अधीन करीब दर्जनभर गांव जुड़े हुए हैं। केन्द्र पर बराला, पिपल्या बाई, रुपपुरा, खिजूरिया ब्राह्मणान, गंगारामपुरा, बिशनपुरा, हनुमानपुरा, कैशुपुरा आदि गांवों व ढाणियों से ग्रामीण अपने काम कराने के लिए आते हैं।

स्टाफ की कमी
जानकार सूत्रों ने बताया केन्द्र पिछले काफी समय से स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। यहां पर सचिव, सफाई कार्मिक व ई -मित्र संचालक तो अपने काम को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन दो पंचायत सहायक, मनरेगा सहायक का पद काफी दिनों से रिक्त है।

इनका कहना है
मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है। समस्याओं का जल्द ही निस्तारण कराया जाएगा। पंचायत प्रशासन विकास कराने के लिए प्रयासरत है। जनता के लिए जितनी सहायता हो सकेगी मैं पूरी कोशिश करुंगी।
गंगादेवी धानका, सरपंच, खिजूरिया

Published on: