
चाकसू (जयपुर)। क्षेत्र में खटारा लो-फ्लोर बसें यात्रियों के लिए मुसीबत बनी हुई है। कब, कहां ये बसे खराब होकर खड़ी हो जाए, कोई भरोसा नहीं। लम्बे समय से चल रही इस समस्या को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी रूचि नहीं ले रहे है। जिससे आमजन में रोष व्याप्त है।
गौरतलब है कि चाकसू से अजमेरी गेट तक चल रही लो-फ्लोर बसें खटारा हो चुकी है। आए दिन बसें बीच रास्ते में खराब होकर खड़ी हो जाती है। जिससे सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर विधार्थी व नौकरीपेशा वर्ग समय पर अपने गंतव्य स्थान तक नहीं पहुंच पाता।
गत दिनों इसी कारण कुछ परीक्षार्थी तो परीक्षा से ही वंचित रह गए थे। यह समस्या गत कई माह से हो रही है। एबीवीपी सहित अनेक संगठनों ने इस समस्या को लेकर धरना—प्रदर्शन व ज्ञापन भी दिए है। मगर कोई समाधान नहीं निकलने से लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति गुस्सा है।
लोगों का कहना है कि बार-बार लो-फ्लोर बसों को बदलवाने की मांग किए जाने के बावजूद भी समस्या का समाधान न होना क्षेत्र में सशक्त राजनीति का अभाव दर्शाता है। शनिवार को भी एक बस टोंक रोड पर शीतलामाता के पास खराब होकर खड़ी हो गई।
जिससे सवारियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ा। इस दौरान पीछे से आने वाली अन्य रोडवेज बसों ने बिठाया नहीं और लो-फ्लोर बसें पहले से ही ओवरलोड होने के कारण सभी सवारियों को नहीं बिठा सकी। जिससे सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।