
तूंगा के प्रधान रामफूल बैरवा सबसे अमीर हैं, उनकी चल-अचल संपत्ति पांच करोड़ रुपए से अधिक है। वहीं बस्सी के प्रधान लालाराम सैनी भी दो करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। दूसरी ओर चाकसू, कोटखावदा, जमवारामगढ़ और आंधी के प्रधान शैक्षणिक योग्यता के मामले में साक्षर हैं। उम्र की बात करें तो तूंगा के प्रधान सबसे युवा हैं, जबकि बस्सी के लालाराम सैनी 52 वर्ष की उम्र में प्रधान बने हैं। (कासं )
संपत्ति के लिहाज से तूंगा पंचायत समिति के प्रधान रामफूल बैरवा पहले स्थान पर हैं। 36 वर्षीय रामफूल बैरवा पुत्र नानगराम निजी व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके नामांकन पत्र में 5 करोड़ 33 लाख 8 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति घोषित की गई है। छह प्रधानों में वे सबसे अधिक संपत्ति वाले प्रधान हैं।
बस्सी पंचायत समिति के प्रधान 52 वर्षीय लालाराम सैनी दूसरे स्थान पर हैं, उनके पास 2 करोड़ 16 लाख 37 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति है। लालाराम सैनी निजी व्यवसाय के साथ कृषि कारोबार से भी जुड़े हैं। वहीं जमवारामगढ़ के प्रधान 48 वर्षीय दीपक कुमार शर्मा पुत्र गोपाल शर्मा के पास 1 करोड़ 3 लाख 38 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति है। वे कृषि कारोबार से जुड़े हैं।
चाकसू पंचायत समिति की प्रधान 43 वर्षीय संतोष देवी पत्नी रामूलाल मीना कृषि कारोबार से जुड़ी हैं। उनके नामांकन पत्र में 93 लाख 10 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति घोषित की गई है। इसी प्रकार आंधी की प्रधान 43 वर्षीय माया देवी वर्मा पत्नी रामकुंवार वर्मा गृहिणी हैं, उनके पति कनिष्ठ तकनीकी सहायक हैं। माया देवी के पास 73 लाख 15 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति है।
कोटखावदा पंचायत समिति की प्रधान 48 वर्षीय अनोखी देवी पत्नी भगवान सहाय कृषि कारोबार से जुड़ी हैं। उनके पास 4 लाख 95 हजार रुपए की चल संपत्ति है, जबकि उनके नाम कोई अचल संपत्ति घोषित नहीं है।
शिक्षा में तूंगा प्रधान स्नातक, चार प्रधान साक्षर है। शैक्षणिक योग्यता के लिहाज से तूंगा के प्रधान रामफूल बैरवा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। वहीं बस्सी के प्रधान लालाराम सैनी ने राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल से वर्ष 2017 में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। चाकसू की प्रधान संतोष देवी, कोटखावदा की प्रधान अनोखी देवी, जमवारामगढ़ के प्रधान दीपक कुमार शर्मा और आंधी की प्रधान माया देवी वर्मा साक्षर हैं। इस तरह छह प्रधानों में एक स्नातक, एक दसवीं पास और चार साक्षर हैं।
उम्र के लिहाज से तूंगा के प्रधान रामफूल बैरवा 36 वर्ष के साथ सबसे युवा हैं। चाकसू के प्रधान संतोष देवी और आंधी की प्रधान माया देवी वर्मा दोनों की उम्र 43 वर्ष है। कोटखावदा के अनोखी देवी और जमवारामगढ़ के दीपक कुमार शर्मा 48 वर्ष के हैं। वहीं बस्सी के लालाराम सैनी 52 वर्ष की उम्र के साथ छह प्रधानों में सबसे अधिक उम्र के हैं। चुनावी नामांकन पत्रों के आंकड़े इन छह पंचायत समितियों के प्रधानों की आर्थिक, शैक्षणिक और आयु संबंधी अलग-अलग तस्वीर पेश करते हैं।