
बस्सी/देवगांव (जयपुर)। बालिका शिक्षा का स्तर हमारे देश ओर राज्य में निरंतर बढ़ रहा है, लेकिन इस बीच कुछ समाज में ऐसी भी मिसाले भी देखने को मिलती है। जिनसे समाज और बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिलता है। बस्सी के रामपुरावास गांव में कुछ ऐसी ही मिसाल देखने को मिली जो उन लोगों के लिए प्रेरणादायी है, जो शिक्षा से और लड़कियों को शिक्षित करने से परहेज करते है। इस गांव की 20 साल की लड़की नीतू बैरवा ने अद्भुत मिसाल पेश कर सबको हैरान कर दिया। मंगलवार को गांव ही नहीं बल्कि जिसने भी नीतू की शिक्षा के प्रति लग्न देखी ओर सुनी वह लड़की की वाहवाही कर रहा है।
कुछ देर बाद परीक्षार्थी दुल्हन के रूप में दिखी
दरअसल नीतू बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। इसकी शादी अचानक तय हो गई, लेकिन उसका शादी के दिन ही पेपर भी था। धर्मसकंट की स्थिति जरूर थी, लेकिन नीतू को परिवार का पूरा साथ मिला और वह अपनी शादी वाले दिन ही परीक्षा देने गई। गांव से परीक्षा केन्द्र बस्सी के एक निजी महाविधालय की दूरी करीब 15 किलोमीटर की है यानी करीब 40 मिनट की दूरी। उसका पेपर सुबह 11 से 2 बजे था। वह 10 बजे घर से रवाना हुई और दोपहर 3 घर लौटी। इसके बाद शादी के रीति-रिवाजों में सज-धज कर शामिल हुई। कुछ घंटे तक पहले तक एक परीक्षार्थी लड़की अब एक दुल्हन के रूप में दिख रही थी। शादी के मंडप में हर कोई उसे देखकर हैरान था।
परीक्षा में किसी तरह की बाधा नहीं
नीतू ने बताया कि उसने यह तय कर लिया था कि शादी के बीच में वह परीक्षा के पेपर में किसी तरह का बाधा नहीं बनने देगी। उसे परीक्षा टाइम टेबल जारी होते ही पता चल गया था कि शादी के दिन परीक्षा रहेगी। इसके लिए परिवार वालों के साथ के कारण में परीक्षा देने के लिए तैयार थी और उसने ऐसा कर दिखाया। दरअसल नीतू के भाई रामफूल बैरवा इ-मित्र की दुकान चलाते हैं और वह चाहता था कि उसकी बहन उच्च शिक्षा प्राप्त कर सरकारी सेवा में जाए। इसलिए बैरवा ने अपने घर वालों को बहन को परीक्षा दिलाने के लिए तैयार किया। गांव के सभी लोग नीतू के जज्बे की तारीफ कर रहे थे।
शिक्षा को बेहद सम्मानित नजरों से देखा जाता है
नीतू का परिवार एक मध्यम वर्गीय परिवार है, जहां शिक्षा को बेहद सम्मानित नजरों से देखा जाता है और सभी लोग शिक्षा हासिल कर जीवन में एक मुकाम हासिल कर दूसरे के लिए मिसाल बनते है। यह गांव के उन लोगों के लिए भी मिसाल बन गई जो अपनी लड़कियों को शिक्षित करने में कतराते है। समाज के सभी बड़े बुजुर्गों ने इस अनोखी परीक्षार्थी और दुल्हन को आशीर्वाद दिया। नीतू के पति चाकसू निवासी प्रदीप बैरवा भी शिक्षा शास्त्री, आचार्य की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रखी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे हुए हैं। वह नीतू के हौसले से बेहद खुश है कि उन्हें एक ऐसी जीवन संगिनी मिली है, जो जीवन में शिक्षा के महत्व को इस कदर समझती और सम्मान करती है।
परीक्षार्थियों व वीक्षकों ने दी बधाई
परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंची नीतू बैरवा की शादी के बारे में जब परीक्षार्थियों तथा वीक्षकों को मालूम चला कि मंगलवार को उसकी शादी है। जिस पर सभी ने बधाई देते हुए प्रेरणादायक बताया। वीक्षक मूलचंद मीणा ने बताया कि दुल्हन के शादी से पहले परीक्षा देने पहुंचने से वहां मौजूद अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।