बस्सी

आज चुने जाएंगे 22 पंचायत समितियों के मुखिया, अंमित दौर में भी चेहरों पर सस्पेंस बरकरार

बस्सी. जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे। इसके साथ ही पंचायत राज चुनाव के बाद अब सभी पंचायत समितियों को अपना मुखिया मिल जाएंगें। जिले की 14 पंचायत समितियों…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:31 PM IST
आज चुने जाएंगे 22 पंचायत समितियों के मुखिया, अंमित दौर में भी चेहरों पर सस्पेंस बरकरार

बस्सी. जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे। इसके साथ ही पंचायत राज चुनाव के बाद अब सभी पंचायत समितियों को अपना मुखिया मिल जाएंगें। जिले की 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है, लेकिन यहां भी प्रधान पद के संभावित चेहरों को लेकर अंतिम दौर तक मंथन जारी है। वहीं दो पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर नहीं लगा पाई है। सांगानेर में रालोपा के पास बहुमत है, ऐसे में यहां भी प्रधान पद के चेहरे को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। दूसरी ओर, पांच पंचायत समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से राजनीतिक गठजोड़ का दौर जारी है।

शुक्रवार को होने वाले मतदान के बाद तस्वीर साफ होगी, कि जिले की 22 पंचायत समितियों में किस दल के कितने प्रधान बनते हैं। खास बात यह है, कि बहुमत वाली पंचायत समितियों में भी पार्टी नेतृत्व ने प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। गुरुवार को जिले के ग्रामीण इलाकों में दिनभर इसी बात को लेकर चर्चाओं और अटकलों का दौर चलता रहा कि आखिर किस पंचायत समिति में किस सदस्य को प्रधान की कुर्सी मिलेगी। इधर सभी पंचायत समितियों में रिर्टनिंग अधिकारियाें ने आज होने वाले प्रधान चुनाव के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहेगा।

अंतिम दौर तक पार्टी नेताओं ने साधी चुप्पी

प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने स्तर पर संभावित नामों पर लगभग मंथन पूरा कर लिया है, लेकिन अंतिम समय तक पार्टी पदाधिकारी नामों का खुलासा करने से बचते रहे। जिन पंचायत समितियों में सदस्यों की बाड़ेबंदी की गई है, वहां भी सुरक्षा और गोपनीयता का खास ध्यान रखा जा रहा है। चुनिंदा विश्वस्त लोगों को ही अंदरूनी गतिविधियों की जानकारी है। ऐसे में प्रत्याशियों के नामों को लेकर राजनीतिक हलकों में भी असमंजस बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर नामों को लेकर कयास

प्रधान पद के दावेदारों के नामों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया भी चर्चा का प्रमुख माध्यम बना हुआ है। पार्टी पदाधिकारियों की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं मिलने के कारण लोग मोबाइल पर चल रहे संदेशों और चर्चाओं के आधार पर अपने-अपने कयास लगा रहे हैं। कई पंचायत समितियों में संभावित दावेदारों के नामों को लेकर दिनभर चर्चाएं चलती रही।

यह है 22 पंचायत समितियों में दलों का गणित

कांग्रेस के पास इनमें हैं पूर्ण बहुमत, जिले की 22 पंचायत समितियों में कांग्रेस को 14 में स्पष्ट बहुमत मिला है। इनमें बस्सी, आमेर, आंधी, चाकसू, जमवारामगढ़, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी, गोविंदगढ़, शाहपुरा, तूंगा और झोटवाड़ा पंचायत समिति शामिल हैं।

भाजपा - जिले की चौमूं और सांभर पंचायत समिति में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है।

रालोपा - सांगानेर पंचायत समिति में रालोपा के पास बहुमत है।

स्पस्ट बहुमत नहीं - पंचायत समिति मौजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी, दूदू, जालसू और अमरसर पंचायत समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है।

इन पंचायत समितियों में सम्बिन्धत विधायक एवं विधायक प्रत्याशियों पर प्रधान चुनने का फैसला दोनों ही राजनीतिक पार्टियों ने छोड़ रखा है, फिर भी कई पंचायत समितियों में पार्टी आलाकमान भी अपनी राय दे रहा है। ऐसे में सम्भावितों के रिश्तेदार व समर्थक पार्टियों के आलाकमान तक आखिरी दम तक यह जोर लगा रहे हैं कि उनका ही प्रधान बनें।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:31 PM IST
Published on: