बस्सी

एटीएम लूट के प्रयास में दो आरोपी दबोचे

चन्दवाजी थाना पुलिस की कार्रवाई : अचरोल में एटीएम लूटने का किया था प्रयास, सरगना फरार
2 min read
• •
Updated: 23 Sep 2018, 10:50 PM IST
Two arrest in atm loot
एटीएम लूट के प्रयास में दो आरोपी दबोचे

चन्दवाजी. पुलिस ने अचरोल में पिछले सप्ताह एटीएम तोड़कर लूट के प्रयास का पर्दाफाश करते हुए रविवार को दो जनों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी अभी फरार है। थाना प्रभारी राजवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि 16 सितंबर की रात्रि लुटरों ने अचरोल स्टैण्ड पर स्थित एटीएम मशीन को तोड़ दिया था और रुपए निकालने की फिराक में थे कि इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी की आवाज सुन लुटेरे फरार हो गए थे। पुलिस ने लुटेरों को पकडऩे के लिए करीब 15 किलोमीटर तक पीछा भी किया था, लेकिन भागने में सफल रहे। जयपुर ग्रामीण एसपी अजयपाल लांबा के निर्देश पर पुलिस टीमें गठित की गई।
मोबाइल कॉल डिटेल में पकड़वाया
घटना के बाद पुलिस ने मौके से डॉग स्क्वॉयड व मोबाइल फॉरेंसिक लैब द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का अध्ययन करते हुए क्षेत्र के मोबाइल टॉवरों से सीडीआर एकत्र कर विश्लेषण किया। कॉल डिटेल के आधार पर सबूत एकत्र कर आरोपियों की पहचान कर रविवार को छापराड़ी थाना आमेर निवासी ललित किशोर मीणा व चन्द्र प्रकाश उर्फ चंदू मीणा को छापराड़ी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम लूट कर बाहर भागने की फिराक में थे। मुख्य आरोपी खेमा उर्फ खेमचंद बुनकर व राजेश बुनकर घटना के दिन से ही फरार हैं, जो कि अन्य मामलों में भी वांछित हैं। मुख्य सरगना खेम चंद उर्फ खेमा जाली नोट प्रकरण में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि गत 16 सितंबर कर रात करीब दो बजे लुटेरे अचरोल स्थित एटीएम को तोड़कर लूटने के प्रयास में थे। उन्होंने मॉनीटर व केबिन को क्षतिग्रस्त भी कर दिया था, लेकिन इसी दौरान थाना प्रभारी राजवीर सिंह गश्त पर आ गए और एटीएम के बाहर मोटरसाइकिल देख गाड़ी से उतरने लगे तो लुटेरे जंगल में भाग छूटे।

Updated on:
23 Sep 2018, 10:50 PM IST
Published on: