बस्सी

हजारों महिलाओं के लिए एक नहीं दो खुशखबरी, सरकार ने खोला ‘खजाना’

हजारों महिलाओं के लिए दो अच्छी खबर हैं। सरकार ने उनके लिए 'खजाना' खोल दिया है।
less than 1 minute read
Jun 22, 2023
women_good_news.jpg

जयपुर। हजारों महिलाओं के लिए दो अच्छी खबर हैं। सरकार ने उनके लिए 'खजाना' खोल दिया है। पहली खबर आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए है। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आंगनबाड़ी कर्मियों को संबल प्रदान करने के लिए राज्य की 55816 आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 15 प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

इस वृद्धि के बाद आशा सहयोगिनियों का मानदेय 3564 से बढ़कर 4098 रुपए प्रतिमाह हो जाएगा। इस फैसले से राज्य सरकार पर 35.76 करोड़ रुपए से अधिक का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की थी।

दूसरी खबर बस में सफर से जुड़ी है। राजस्थान में महिलाओं को राज्य की सीमा में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की समस्त श्रेणी की बसों में यात्रा करने पर 50 फीसदी की रियायत दी जाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। प्रस्ताव के अनुसार निगम की सभी श्रेणी की बसों में यात्रा करने पर महिलाओं और बालिकाओं का आधा किराया ही लगेगा।

अभी केवल साधारण श्रेणी की बसों में यात्रा करने पर 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही थी। मुख्यमंत्री द्वारा बजट 2023-24 में महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में यात्रा करने पर किराए में दी जा रही छूट को 30 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की घोषणा की गई थी। यह घोषणा गत अप्रैल से क्रियान्वित भी की जा चुकी थी।

Published on:
22 Jun 2023 07:57 pm