नक्सलियों की वहशियाना हरकत, पत्नी के सामने ही सरपंच का काट दिया गला

नक्सलियों का फिर एक बार वहशियाना चेहरा सामने आया है। मसेनार पंचायत के सरपंच की नक्सलियों ने उसकी पत्नी के सामने ही गला रेतकर हत्या कर दी।

2 min read
Jan 18, 2017
The naxal killed the sarpanch
दंतेवाड़ा.
नक्सलियों का फिर एक बार वहशियाना चेहरा सामने आया है। मंगलवार की रात भांसी थाना क्षेत्र के मसेनार पंचायत के सरपंच की नक्सलियों ने उसकी पत्नी के सामने ही गला रेतकर हत्या कर दी। इस हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों के भैरमगढ़ दलम ने ली है।


मंगलवार की रात करीब ग्यारह बजे आधा दर्जन नक्सली मसेनार के सरपंच राजू नेताम के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटा कर उसे उठाने की कोशिश की। घर में पति-पत्नी के सोए होने से दरवाजा खोलने में देरी हुई तो नक्सली दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद वे बेडरुम में पहुंचे और राजु को रुम से बाहर निकालकर दरवाजे की कुण्डी लगा दी। इसके बाद उसे डंडे से पिटाई की और बाद में टंगिए से छह बार वार कर उसे मार डाला।


पुलिस को घटनास्थल पर पर्चे मिले हैं, जिसमें भैरमगढ़ दलम ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। इसके बावजूद यह स्पष्ट नहीं है हत्या नक्सलियों ने की है या फिर आपसी रंजीश के तहत यह हत्या हुई है। इधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं।


मुखबिरी के शक में हत्या की आशंका

अब तक हत्या की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। यह बात सामने आ रही है, नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में सरपंच की हत्या की होगी। नक्सली मामलों के जानकार के मुताबिक, मुखबिरों को नक्सली अपने लिए सबसे बड़ा खतरा मानते हैं। इसकी वजह, एक भी सही मुखबिरी पूरे दलम को खत्म कर सकती है। इसलिए नक्सली कभी भी मुखबिर को नहीं बख्शते, शक होने पर भी हत्या कर दी जाती है।


आईजी पहुंचे गांव, पीडि़तों से की मुलाकात

इधर इस घटना के कुछ घंटे बाद बस्तर आईजी एसआरपी कल्लूरी मसेनार पहुुंचे और पीडि़त परिवार से मिले। उन्होंने घटना की विस्तृत जांच कराने का भरोसा दिया साथ ही दोषियों को बख्शे नहीं जाने की बात कही। आईजी ने कहा, हर पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी। उनके साथ दंतेवाड़ा एसपी कमलोचन कश्यप व पुलिस के अन्य अधिकारी भी यहां पहुंचे थे।
Published on:
18 Jan 2017 10:23 pm
Also Read
View All