CG Weather News: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मौसम में अचानक आए उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है।
CG Weather News: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मौसम में अचानक आए उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। हल्की बारिश और बढ़ी नमी के बीच शहर के महारानी जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ओपीडी से लेकर वार्ड तक भीड़ का दबाव बढ़ा है।
डॉक्टरों के अनुसार, सबसे अधिक मरीज सांस संबंधी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। बदलते तापमान, ठंडक और हवा में बढ़ी नमी ने श्वसन तंत्र को प्रभावित किया है। बच्चों में सर्दी, खांसी और दस्त के मामलों में भी वृद्धि देखी जा रही है।
स्वास्थ्य अमले पर काम का दबाव बढ़ गया है। चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। गुनगुना पानी पीने, ताजा और गर्म भोजन लेने तथा बासी और ठंडे खाने से परहेज की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम सामान्य होने तक सतर्कता ही बचाव का सबसे कारगर उपाय है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अचानक बदले मौसम ने बस्तर का मिजाज भी बदल दिया है। हल्की बारिश और बादलों की वजह से ठंडक बढ़ी है। न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव आया है। बीते 24 घंटे में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि हवा में नमी बढ़कर 74 प्रतिशत तक पहुंच गई।
अगले 24 घंटों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। 2 मार्च तक एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार बने हुए हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की चेतावनी दी है और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।