20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चित्रकोट में खुलेआम अवैध शराब बिक्री! शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं… विधायक ने उठाए सवाल

CG Illegal Liquor: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है।

2 min read
Google source verification
चित्रकोट में खुलेआम अवैध शराब बिक्री! शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं... विधायक ने उठाए सवाल(photo-patrika)

चित्रकोट में खुलेआम अवैध शराब बिक्री! शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं... विधायक ने उठाए सवाल(photo-patrika)

CG Illegal Liquor: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। क्षेत्र के लौंहडीगुड़ा, बस्तानार और तोकापाल ब्लॉकों में छोटे-छोटे किराना दुकानों और ढाबों में खुलेआम शराब बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। भाजपा विधायक विनायक गोयल द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।

CG Illegal Liquor: नाबालिगों से कराई जा रही बिक्री

ताजा मामला किलेपाल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने और बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित किराना दुकानों में अवैध शराब की बिक्री का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि एक दुकान में नाबालिग बालिका शराब बेचती दिखाई दी, जबकि दूसरी दुकान में महिला दुकानदार युवकों को बियर बेचती नजर आई। दुकानों में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण भी बताया जा रहा है।

लंबे समय से जारी है धंधा

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री चल रही है, लेकिन कोड़ेनार थाना पुलिस द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। लगातार वीडियो और शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

अधिकारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में आबकारी विभाग के अधिकारी रविकांत जायसवाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की बिक्री गंभीर अपराध है, चाहे वह बालिग करे या नाबालिग। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने पहले भी उठाई थी आवाज

कुछ दिन पहले ही भाजपा विधायक विनायक गोयल ने मीडिया के माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा उठाया था। उनका आरोप है कि मौखिक शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। अब क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से सामने आ रहे वीडियो ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन की भूमिका पर सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम और पुलिस प्रशासन की टीम निष्क्रिय बनी हुई है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब बिक्री को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।