
CG Rajyotsav 2025: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर राज्योत्सव के दौरान बेसिक स्कूल ग्राउंड में विवाद की स्थिति बन गई। भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर रणबीर शर्मा पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्यक्रम स्थल से सामूहिक वॉकआउट कर दिया। उन्होंने कलेक्टर और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
राज्योत्सव में मुय अतिथि सांसद विजय बघेल, जिलाध्यक्ष अजय साहू, नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र शर्मा और योगेश तिवारी सहित आदि उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि कलेक्टर शर्मा ने मंच के सामने बैठे पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें कुर्सियां छोड़कर पीछे बैठने को कहा। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध किया। सांसद ने इसे लोकतांत्रिक पदों का अपमान बताया।
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू से उनका पक्ष जानने के लिए फोन से संपर्क किया गया तो उनके निजी सहायक कमलेश शाह ने बताया कि विधायक कार्यक्रम में है बाद में बात करेंगे। इसके बाद भी संपर्क किया गया पर उनके द्वारा रिसीव नहीं किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन के प्रति पूरा समान है लेकिन कार्यक्रम में अव्यवस्था के कारण हंगामे की स्थिति बनी। उन्होंने कहा, राज्योत्सव का उद्देश्य प्रदेश की संस्कृति और गौरव का उत्सव मनाना था लेकिन प्रशासनिक अव्यवस्था ने इसकी गरिमा को आहत किया है।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके हाथ की सर्जरी हुई है इसलिए धक्का न लगे। इस कारण उन्होंने केवल पीछे बैठे कुछ लोगों को एक कुर्सी से दूसरी कुर्सी पर बैठने के लिए कहा था। किसी का अपमान नहीं किया गया। विधायक दीपेश साहू से उनकी कोई बात भी नहीं हुई है।
इस व्यवहार से नाराज भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि तत्काल उठकर बाहर निकल गए। उन्होंने कलेक्टर हाय-हाय और जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कार्यक्रम स्थल से वॉकआउट किया। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि किसी भी सार्वजनिक समारोह में निर्वाचित पदाधिकारियों का अपमान अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के इस रवैये से लोकतांत्रिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंची है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
विवाद के बाद सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में विश्राम गृह में आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक दीपेश साहू और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कलेक्टर को तत्काल बेमेतरा से हटाने की मांग की गई। सांसद बघेल ने घटना की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव साय और संगठन महामंत्री पावन साय को फोन पर देते हुए कलेक्टर के स्थानांतरण की मांग रखी।