
Bemetara Yoga Day Program: MLA ईश्वर साहू ने छोड़ा मंच(photo-patrika)
Bemetara Yoga Day Program: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रोटोकॉल को लेकर विवाद सामने आया। जिला मुख्यालय में हुए कार्यक्रम के दौरान साजा विधायक ईश्वर साहू नाराज होकर मंच से नीचे उतर गए। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बैनर और प्रचार सामग्री में विधायक की तस्वीर नहीं लगी थी, जिससे वे नाराज हुए। मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने विधायक से चर्चा की और उन्हें मनाने का प्रयास किया। इसके बाद वे दोबारा मंच पर लौटे।
जिले में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के लिए लगाए गए पोस्टर में कुछ जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें प्रमुखता से लगाई गई थीं, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू की फोटो नहीं दिखाई दी। फोटो नहीं होने को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई और मंच छोड़कर चले गए। इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने विधायक ईश्वर साहू से चर्चा कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। अधिकारियों ने उन्हें समझाया और प्रोटोकॉल से जुड़ी चूक को लेकर बातचीत की। इसके बाद विधायक की नाराजगी दूर हुई और काफी समझाइश के बाद वे दोबारा मंच पर पहुंचे। विधायक ने फिर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और प्रोटोकॉल के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक स्तर पर इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान और कार्यक्रम की तैयारियों में हुई कमी से जोड़कर देखा जा रहा है। योग दिवस जैसे बड़े आयोजन में सामने आई इस चूक ने प्रशासनिक समन्वय और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
Updated on:
21 Jun 2026 12:11 pm
Published on:
21 Jun 2026 12:11 pm
