
दलिया में मिली इल्लियां (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Bemetara Maternity Hospital: बेमेतरा जिला चिकित्सालय के मातृ-शिशु अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां भर्ती मरीजों को परोसे गए दलिया में इल्लियां (कीड़े) मिलने से हड़कंप मच गया।
मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि यह लापरवाही सिर्फ एक-दो थालियों तक सीमित नहीं रही बल्कि कई मरीजों के खाने में कीड़े मिले। शिकायत के बावजूद प्रबंधन द्वारा तुरंत कोई ठोस कदम न उठाए जाने से परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि उन्हें प्रकरण की जानकारी मिल चुकी है और मामले की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिविल सर्जन ने बताया कि यहां पर प्रतिदिन खाने की गुणवत्ता की जांच की जाती है।
इस मामले में सिविल सर्जन लोकेश साहू ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की निगरानी के लिए कमेटी बनी हुई है। कमेटी के चार-पांच सदस्य प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भोजन में इस तरह की शिकायत सामने आई है तो इसकी जांच कराई जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
कीड़ा निकलने की पुष्टि करते हुए मरीज के परिजन मोहन मानिकपुरी ने बताया कि उसके खाने में उसे चार कीड़े मिले। खाने में कीड़े मिलने के बाद भर्ती मरीजों ने दलिया व खिचड़ी खाने से मना कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। घटना के घंटो बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए टीम का गठन नहीं किया। बहरहाल इस घटना के बाद मरीज परेशान हैं।
मरीजों के परिजनों ने कहा कि इस प्रकार कीड़े वाले भोजन को परोसना मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ करना है। उन्होंने कहा कि यदि भोजन परोसने से पहले उसकी सही तरीके से जांच की जाए तो इस प्रकार की स्थिति सामने नहीं आएगी। वहीं खाने में इल्लियां मिलने से अस्पताल में हडक़ंप मच गया। लोग जिम्मेदार लोगों से सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर ऐसा कैसे हो गया।
Updated on:
06 Aug 2026 02:09 pm
Published on:
06 Aug 2026 02:08 pm
