बेतुल

बोलरो पलटने से एक उपयंत्री और तीन शिक्षक घायल

Feb 03, 2026
patrika news

बैतूल। शिक्षा विभाग के चार शिक्षक बैतूल से स्कूलों का निरीक्षण करने ग्राम चांदू जा रहे थे। सोमवार दोपहर नेवरालोंडू के पास उनका बोलेरो (जीप)वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन ने रोड के बाहर चार पलटियां खाईं और पलट गया। जिससे जीप में सवार चारों शिक्षकों को चोटें आईं। दो शिक्षकों अधिक चोट आई है वही दो शिक्षक को भी अंदरूनी चोट आई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया है। टायर फटने से हादसा होना बताया जा रहा है। ग्राम रंभा निवासी श्याम आर्य ने बताया कि वाहन में सवार शासकीय उमावि स्कूल चांदू प्राचार्य अनिल झोड़, सीएससी मनोहर मालवीय, सीएससी भीमपुर सुनील नंदनवार और उपयंत्री डैनी गौड़ स्कूल के निरीक्षण के लिए बैतूल से चांदू संकूल की ओर जा रहे थे। ग्राम नेवरालोंडू के आगे जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी लगते ही श्याम आर्य और प्रकाश माकोड़े घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया है। सीएससी मालवीय को अधिक चोटे होने से आइसीयू में भर्ती किया है। बाकी तीन घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती किया है। आर्य ने बताया कि बोलेरो ने चार पलटी खाई। घटना देखकर स्थल लग रहा था कि गंभीर हादसा हुआ है,लेकिन शिक्षकों को अधिक चोट नहीं आई है। शिक्षकों का इलाज करने वाली डॉ अंकिता सीते ने बताया कि घायल शिक्षकों की स्थिति ठीक है। एक शिक्षक मनोहर मालवीय को सीने में तकलीफ की वजह से आईसीयू में भर्ती किया है। शिक्षकों के घायल होने की जानकारी मिलते ही साथी शिक्षक शैलेन्द्र बिहारिया, पंजाब गायकवाड़ सहित अन्य शिक्षक जिला अस्पताल पहुंचे। वही शिक्षा विभाग के गणेश सोनी के साथ अन्य कर्मचारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल शिक्षकों की जानकारी ली।

Updated on:
03 Feb 2026 08:43 pm
Published on:
03 Feb 2026 08:43 pm