बेतुल

गंज आबकारी से कर्बला तक बनेगी टू-लेन सीसी रोड, 28.75 करोड़ की योजना को मिली तकनीकी मंजूरी

-वित्तीय स्वीकृति मिलते ही शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, 2.85 किमी लंबी सडक़ से गंज क्षेत्र को मिलेगी जाम से राहत। बैतूल। शहर के गंज क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। विनोबा वार्ड गंज आबकारी से अंडर ब्रिज होते हुए कर्बला […]

3 min read

-वित्तीय स्वीकृति मिलते ही शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, 2.85 किमी लंबी सडक़ से गंज क्षेत्र को मिलेगी जाम से राहत।

बैतूल। शहर के गंज क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। विनोबा वार्ड गंज आबकारी से अंडर ब्रिज होते हुए कर्बला तक प्रस्तावित टू-लेन सीसी रोड निर्माण परियोजना को शासन से तकनीकी और नीतिगत स्वीकृति मिल गई है। 28.75 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सडक़ के निर्माण का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। केवल शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति मिलना शेष है। जैसे ही वित्तीय मंजूरी प्राप्त होगी, नगरपालिका द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शहर में लगभग 2 किलोमीटर 850 मीटर लंबी नई टू-लेन सडक़ का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में गंज क्षेत्र में सकरी सडक़ों के कारण रेलवे स्टेशन से लेकर बीजेपी भवन तक आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर सुबह और शाम के समय वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई टू-लेन सडक़ बनने से इस क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम हो सकेगा।
15 मीटर चौड़ी बनेगी सडक़
परियोजना के तहत प्रस्तावित सडक़ की कुल चौड़ाई 15 मीटर निर्धारित की गई है। सडक़ की कुल लंबाई 2850 मीटर होगी और इसे दो लेन में तैयार किया जाएगा। प्रत्येक लेन की चौड़ाई 7.50 मीटर रखी गई है। इसके अलावा सडक़ के बीचों-बीच 1.50 मीटर चौड़ा रोड डिवाइडर बनाया जाएगा। डिवाइडर के निर्माण के बाद सडक़ की कुल चौड़ाई बढकऱ 16.50 मीटर हो जाएगी। डिवाइडर के मध्य सेंट्रल स्ट्रीट लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात के समय यातायात अधिक सुरक्षित हो सके।
सडक़ के दोनों किनारों पर आरसीसी नाली का होगा निर्माण
सडक़ निर्माण के साथ-साथ दोनों किनारों पर आरसीसी नाली और सर्विस डक्ट का निर्माण भी किया जाएगा। इससे बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और भविष्य में केबल या अन्य सुविधाओं के लिए सडक़ को दोबारा खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा परियोजना में रिटर्निंग वॉल और बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण भी शामिल है, जिससे जल निकासी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
इस सडक़ निर्माण के दौरान पोल शिफ्टिंग भी एक महत्वपूर्ण कार्य होगा।
पोल शिफ्टिंग में 1.14 करोड़ रुपए होंगे खर्च
पोल शिफ्टिंग पर करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपए का खर्च आएगा। वहीं सडक़ निर्माण लागत पर लगभग 18 प्रतिशत जीएसटी भी लागू होगा, जिससे करीब 4.38 करोड़ रुपए की राशि जीएसटी के रूप में जुड़ेगी। इन सभी खर्चों को जोडऩे के बाद परियोजना की कुल लागत 28.75 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। सडक़ का स्टीमेट नए एसओआर (शेड्यूल ऑफ रेट) के आधार पर तैयार किया गया है। यदि वित्तीय स्वीकृति मिलने में देरी होती है, तो लागत बढऩे की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण नगरपालिका का प्रयास है कि जल्द से जल्द शासन स्तर से वित्तीय मंजूरी प्राप्त हो सके।
शहर के पांच वार्डों से होकर गुजरेगी सडक़
यह सडक़ इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह शहर के पांच वार्डों से होकर गुजरेगी। इनमें वार्ड क्रमांक 23 जयप्रकाश वार्ड, 26 जवाहर वार्ड, 29 राजेंद्र वार्ड, 30 लोहिया वार्ड और 31 विनोबा वार्ड शामिल हैं। इन सभी वार्डों के हजारों नागरिकों को इस सडक़ का सीधा लाभ मिलेगा। टू-लेन सडक़ बनने से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना गंज क्षेत्र की यातायात तस्वीर को पूरी तरह बदल देगी।
एक नजर सडक़ के स्टीमेट पर

  1. गंज आबकारी से कर्बला तक सीसी रोड़ निर्माण पर लागत- 13,46,31,734
  2. सडक़ के दोनों तरफ आरसीसी नाली और सर्विस डक्ट का निर्माण - 6,63,67,398
  3. प्री कास्ट आरसीसी डिवाइडर का निर्माण- 98,55,300
  4. रिटर्निंग वॉल के साथ चार बाय चार बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण - 54,17,180
  5. रिटर्निंग वॉल के साथ आरसीसी 1.5 बाय 1.5 बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण - 61,60,929
  6. सेंट्रल स्कूल से कर्बला तक पोल शिफ्टिंग -1,14,00000
Published on:
07 Jan 2026 09:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर