बैतूल। गुरुवार को जेएच कॉलेज चौक पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिया निर्माण कार्य में डायवर्ट मार्ग नहीं होने के विरोध में छात्रों ने चक्का जाम कर दिया। विद्यार्थी सडक़ पर बैठ गए और नारेबाजी की। छात्रों ने कॉलेज आने डायवर्ट मार्ग की मांग रखी। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए […]
बैतूल। गुरुवार को जेएच कॉलेज चौक पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिया निर्माण कार्य में डायवर्ट मार्ग नहीं होने के विरोध में छात्रों ने चक्का जाम कर दिया। विद्यार्थी सडक़ पर बैठ गए और नारेबाजी की। छात्रों ने कॉलेज आने डायवर्ट मार्ग की मांग रखी। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए तहसीलदार और कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। इस दौरान पुुलिया निर्माण कर रहे ठेकेदार और छात्र नेता के बीच विवाद भी हुआ।
जेएच कॉलेज चौक पर दोपहर में आधा सैकड़ों छात्रों ने सडक़ पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर तहसीलदार पूनम साहू और टीआई कोतवाली देवकरण डेहरिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाइश दी और आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के लिए व्यवस्थित डायवर्ट मार्ग बनाया जाएगा, ताकि परीक्षा के दौरान उन्हें परेशानी न हो। इसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। छात्र राजकुमार नागवंशी और पंकज नागवंशी ने बताया कि मार्ग बंद होने से कई विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। छात्रों ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपा। जेएच कॉलेज चौक के सौंदर्यीकरण के तहत करोड़ों रुपए की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें पुलिया का निर्माण भी शामिल है। इस काम के कारण जेएच कॉलेज जाने वाला एक मुख्य मार्ग करीब डेढ़ महीने से बंद है।
छात्र नेता और ठेकेदार में विवाद
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता और पुलिया निर्माण कर रहे ठेकेदार के बीच विवाद भी हो गया। बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। छात्र नेताओं का आरोप था कि ठेकेदार यहां से गुजरने वाले विद्यार्थियों के साथ अभद्रता करते हैं।
कॉलेज का गेट का किया बंद
इस बीच कॉलेज के भीतर भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई। छात्र नेता प्रदर्शन के लिए अन्य छात्रों को कॉलेज से बाहर ले जाने लगे और उन्होंने कुछ समय के लिए कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया। दोपहर करीब 12 बजे परीक्षा का पेपर खत्म हुआ तो बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बाहर निकलने के लिए गेट पर पहुंच गए। गेट बंद होने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ छात्रों के परिजनों व छात्र नेताओं के बीच कहासुनी भी हुई। करीब 15 मिनट बाद गेट खोला गया, तब जाकर छात्र बाहर निकल सके। इस दौरान खासतौर पर छात्राएं परेशान नजर आईं।
इनका कहना
कॉलेज के छात्रों को प्रदर्शन में ले जाने कुछ लोगों ने गेट बंद कर दिया था। इस वजह से विद्यार्थी परेशान हुए हैं। कॉलेज की अनुशासन समिति को जांच के लिए दिया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ मीनाक्षी चौबे,प्राचार्य पीएमश्री जेएच कॉलेज बैतूल।
विद्यार्थियों ने पुलिया निर्माण के दौरान डायवर्टेड मार्ग को लेकर विरोध किया था। कॉलेज आने पास से डायवर्ट मार्ग बनाने की मांग की है। इस संबंध में नगर पालिका,पुलिस के साथ मौके का निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने प्रयास किए जाएगा।
पूनम साहू,तहसीलदार बैतूल।