
भदोही. मुम्बई में चल रहे विधानसभा चुनाव में उत्तर भारतीयों के वोटो को साधने के लिए पूर्वांचल के बड़े नेताओं ने मुम्बई में डेरा डाल रखा है। अपने-अपने प्रत्यशियों को चुनाव में जीत दिलाने के लिए एंड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसमे भदोही जिले की ज्ञानपुर विधानसभा सीट से लगातार चौथी बार विधायक बने विजय मिश्रा (Vijay Mishra) मुम्बई के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए रोड शो और जनसम्पर्क कर वोट मांग रहे हैं।
विजय मिश्रा की पूर्वांचल अपनी पहचान है इसलिए माना जा रहा है कि मुम्बई में भाजपा (BJP) के प्रत्यशियों को इसका लाभ जरूर मिलेगा। विधायक विजय मिश्रा भले ही ज्ञानपुर विधानसभा से निर्दल विधायक हैं लेकिन वो चुनाव जीतने के बाद लगातार चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं। चाहे वो भदोही (Bhadohi) के चुनाव रहे हों चाहे मध्य प्रदेश के विधान सभा चुनाव। अब वो मुम्बई में भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।
विजय मिश्रा मुम्बई में पिछले कई दिनों से लगातार भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार में जुटे हैं। उन्होंने कांदिवली के भाजपा प्रत्याशी अतुल भातखलर, मीरा भयंदर से प्रत्याशी नरेंद्र मेहता, सुनील राणे सहित अन्य भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार में जुटे हुए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि विधायक विजय मिश्रा के प्रचार से भाजपा को मुम्बई में कितना लाभ मिलता है। आपको बता दें कि भदोही जिले में ब्लॉक प्रमुख पद से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करते हुए विजय मिश्रा लगातार समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर ज्ञानपुर विधानसभा से तीन बार विधायक हुए लेकिन शिवपाल यादव से नजदीकियां होने के चलते पिछले विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने उनका टिकट काट दिया था। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने निषाद पार्टी से चुनाव लड़कर चौथी बार विधायक बनने में सफलता पाई। पर राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोटिंग करने के चलते निषाद पार्टी से भी उनका सम्बन्ध टूट गया क्योंकि उस समय निषाद पार्टी और समाजवादी पार्टी का मेल हो गया था। इसके बाद विजय मिश्रा लगातार भाजपा के प्रचार में जुटे हैं। वो अपने भाषणों में पीएम मोदी और सीएम योगी के कार्यो की तारीफ करने नही भूलते। पूर्वांचल के ब्राम्हण वर्ग में उनकी विशेष पैठ है जिसके चलते माना जा रहा है कि मुम्बई में उनके प्रचार का असर होगा।
By Mahesh Jaiswal