17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रात भर जागती रही बाहुबली विजय मिश्रा की पत्नी और बहू, बैरक में 22 महिला कैदियों के साथ बिताई रात

Bahubali Vijay Mishra Case : धोखाधड़ी के मामले में कोर्ट से सजा मिलने के बाद बाहुबली विजय मिश्रा की पत्नी रामलली और बहू रूपा मिश्रा को ज्ञानपुर जिला जेल भेज दिया गया है। जानिए जेल की बैरक में 22 महिला कैदियों के बीच कैसे कटी उनकी पहली रात।

2 min read
Google source verification
Vijay Mishra

जेल में रात 12 बजे तक जागती रहीं विजय मिश्रा की पत्नी, PC- ANI

भदोही : भदोही के एमपी/एमएलए कोर्ट ने शुक्रवार को बाहुबली विजय मिश्रा के पूरे परिवार को धोखाधड़ी के मामले में सजा सुनाई। कोर्ट ने विजय मिश्रा, उनकी पत्नी रामलली मिश्रा, बेटे विष्णु मिश्रा और पूर्व एमएलसी रामलली को 10-10 साल की सजा दी, जबकि बहू रूपा मिश्रा को 4 साल की कैद हुई। सभी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

सजा सुनाए जाने के बाद विजय मिश्रा की पत्नी रामलली मिश्रा और बहू रूपा मिश्रा को ज्ञानपुर जिला जेल भेज दिया गया। जेल प्रशासन ने दोनों को सामान्य महिला कैदियों की तरह ही एक ही बैरक में रखा, जहां पहले से 22 महिला कैदी बंद हैं।

जेल अधिकारियों के अनुसार, सास-बहू को जेल मैन्युअल के अनुसार ही सामान्य भोजन दिया गया। शाम 6:30 बजे सभी कैदियों के साथ उन्हें भी रोटी-सब्जी परोसा गया। दोनों देर रात तक जागती रहीं और अन्य महिला कैदियों से बातचीत करती रहीं। रात 12 बजे के बाद वे सो सकीं।

जेल में लेटने के लिए दी गई थी दरी

जेल में लेटने के लिए उन्हें दरी और टाट की व्यवस्था दी गई। जेल अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया, 'महिलाओं के लिए जेल में केवल एक बैरक है। दोनों को उसी में रखा गया है। उन्होंने नियमानुसार भोजन किया और अन्य कैदियों से बातचीत की। फिलहाल वे यहीं रहेंगी, बाद में शिफ्टिंग पर विचार किया जाएगा।'

विजय मिश्रा और उनका बेटा विष्णु पहले से ही जेल में बंद हैं। विजय आगरा सेंट्रल जेल और विष्णु लखीमपुर जेल में हैं। पत्नी और बहू पहली बार जेल गई हैं।

1500 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का है मामला

यह पूरा मामला 1500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का है। 4 अगस्त 2020 को विजय मिश्रा के रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी उर्फ मुन्ना ने भदोही पुलिस में केस दर्ज कराया था। आरोप है कि विजय मिश्रा और उनके परिवार ने 50 बीघा जमीन, 6000 स्क्वायर फीट का मकान और एक बैठक हॉल पर कब्जा कर लिया।

शासकीय अधिवक्ता प्रवेश त्रिपाठी ने बताया कि विजय मिश्रा ने करोड़ों रुपये का हेरफेर किया। जांच में उनके और पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी सामने आया। 2002 से 2017 के बीच विजय मिश्रा की कुल आय मात्र 2.32 करोड़ रुपये पाई गई, जबकि उन्होंने 23.81 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की।

रूपा मिश्रा मिर्जापुर से बीएससी पास हैं। वे पांच कंपनियों की डायरेक्टर रह चुकी हैं, जिनमें VPS स्टार-RR प्रा.लि., ललीरा कंस्ट्रक्शन, नव निर्माण इंफ्राहाइट्स, ललीरा बिल्डकॉन और ललीरा ज्वैल्स शामिल हैं। विजय मिश्रा प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के खपटिहा गांव के रहने वाले हैं। इस मामले में अब पूरे परिवार पर सजा हो चुकी है।